पिंपरी चिंचवड भाजपा की कमान विधायक महेश लांडगे के हाथ

पिंपरी। सँवाददाता : सियासी गलियारों में जिसकी उत्सुकता सतह पर पहुंच गई थी, वह गुरुवार को समाप्त हो गई। पिंपरी चिंचवड शहर भाजपा की कमान भोसरी के विधायक महेश लांडगे को सौंपी गई। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल एवं वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े की मौजूदगी में आज विधायक लांडगे की पार्टी के शहराध्यक्ष पद पर नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की गई। चिंचवड के एक सितारा होटल में पार्टी नेताओं, नगरसेवकों व पदाधिकारियों की एक बैठक संपन्न हुई। इसमें प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने विधायक लांडगे के भाजपा शहराध्यक्ष पद पर नियुक्ति की घोषणा की। निवर्तमान शहराध्यक्ष विधायक लक्ष्मण जगताप के अध्यक्ष पद का कार्यकाल समाप्त होने से नए शहराध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया गत कुछ दिनों से शुरू थी।

इस पद के लिए वरिष्ठ नेता उमा खापरे, एड सचिन पटवर्धन, अमोल थोरात, राजू दुर्गे समेत कई नामों की चर्चा थी। मगर बदले हुए सियासी हालातों में भूतपूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पार्टी शहराध्यक्ष की कमान विधायक के हाथों में सौंपने के पक्ष में थे। तब से विधायक लांडगे का शहराध्यक्ष नियुक्त किया जाना तय माना जा रहा था। आज नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा के बाद इस पर मुहर लग गई है। विधायक जगताप के नेतृत्व में भाजपा को पिंपरी चिंचवड़ मनपा के चुनाव में ऐतिहासिक सफलता मिली थी। अब जबकि महाराष्ट्र में सियासी हालात बदल गये हैं, तब मनपा में भाजपा की सत्ता बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विधायक लांडगे यह चुनौती जिस प्रकार से निभाते हैं।