दर्दनाक! एक साथ 4 मौत, साथ में मरी ममता भी

भोसरी : समाचार ऑनलाइन – पिंपरी-चिंचवड़ में रविवार की दोपहर बाद तब सनसनी फैल गई जब जन्मदात्री मां ने अपने तीन बच्चों को फांसी पर लटकाकर मौत की नींद सुला दिया और खुद फंदे से झूलकर मृत्यु को गले लगा लिया। दिल को दहला देने वाली यह घटना भोसरी (प्रियदर्शिनी स्कूल के समीप) स्थित नूर मोहल्ला परिसर में दोपहर 4 बजे उजागर हुई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिसर में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि आर्थिक बदहाली से तंग आकर महिला ने यह भयंकर कदम उठाया।

बागवान परिवार 4 दिन पहले ही भोसरी आया था भोसरी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शंकर अवताड़े ने बताया कि मरने वालों में फातिमा अकरम बागवान (उम्र 28 वर्ष), फातिमा की बेटी अलफिया अकरम बागवान (उम्र 9 वर्ष), जोया अकरम बागवान (उम्र 7 वर्ष) व बेटा जियान अकरम बागवान (उम्र 6 वर्ष) शामिल हैं।

मूल रूप से कर्नाटक वासी बागवान परिवार 4 दिन पहले ही रोजी-रोटी के लिए भोसरी शिफ्ट हुआ था। फातिमा के शौहर अकरम बागवान फल बेचने का कारोबार करते थे। इससे पहले यह परिवार तलेगांव दाभाड़े में रहता था। वहां पर फलों के कारोबार में उन्हें काफी नुकसान हुआ था। इसके बाद वे भोसरी में आ गये। अकरम फिलहाल काम की तलाश में थे।

काम की तलाश करने घर से भेज दिया रविवार की सुबह 10।30 बजे फातिमा ने पति अकरम को काम की तलाश करने घर से भेज दिया। इसके बाद उन्होंने घर का दरवाजा भीतर से बंद कर छत पर नायलॉन की रस्सी का फंदा बनाया और बेटियों अलफिया व जोया तथा बेटे जियान को उससे लटकाकर मौत की नींद सुला दिया। इसके बाद दूसरे कमरे में जाकर फातिमा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

तीनों बच्चे और फातिमा फांसी पर लटकी हुई थीं  अकरम के लौटने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। शक होने पर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया तो दर्दनाक मंजर देखकर सभी का दिल हिल गया। एक कमरे में तीनों बच्चे और दूसरे कमरे में फातिमा फांसी पर लटकी हुई थीं। पुलिस ने चारों के शवों को पोस्टमार्टम हेतु वाईसीएम हॉस्पिटल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि अलफिया चौथी, जोया दूसरी व जियान क्लास फर्स्ट में पढ़ रहे थे। तीनों बच्चे सावित्रीबाई फुले स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन उसे कहीं पर भी संदिग्ध वस्तु या सुसाइड नोट नहीं मिला।