कौतूहल…एलियंस धरती पर आए और वापस ले गए रेगिस्तान के बीच गड़ा धातु का खंबा

उटाह. ऑनलाइन टीम : जब कनाडा के पूर्व रक्षा मंत्री पाउल हेलर ने दावा किया था कि एलियन धरती पर आते रहते हैं और हाल के दिनों में उनकी गतिविधि बढ़ गई है, तो लोगों को विश्वास ही नहीं हो पा रहा था, लेकिन अब अमेरिका के यूटा के दूरस्थ दक्षिणपूर्वी रेगिस्तान में उनकी उपस्थिति के प्रमाण मिले हैं। दरअसल, अमेरिका के रेगिस्तानी इलाके उटाह में एक धातु का खंबा देखा गया था। बताया गया कि यह पूरा धातु का है। ये चमकदार, त्रिकोणीय खंबा दक्षिणी उटाह की लाल चट्टानों के पास देखा गया।

जांच में सामने आया कि यह खंभा एक धातु का मोनोलिथ है। इस मोनोलिथ को किसने रखा, इस पर विमर्श ही चल रहा था कि अमेरिकी एजेंसी ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि प्रबंधित सार्वजनिक जमीन पर प्राधिकरण के बिना संरचनाओं या कला को स्थापित करना अवैध है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किस ग्रह से हैं। शोधकर्ताओं ने माना कि संभवत: एलियंस इसे यहां रख कर चले गए।

बेहद आसान शब्दों में कहा जाए तो मोनोलिथ एक तराशी हुई बड़ी चट्टान या बड़ा खंबा होता है। कई बार ये प्रकृति निर्मित होता है और कई बार मानव निर्मित होता है।  उत्तरी अमेरिका में उटाह एक बेहद बियाबान किस्म का इलाका है, जहां कई-कई किलोमीटर तक कुछ नहीं है, सिवाय चट्टानों और जंगली जानवरों के। यहां का एक सरकारी विभाग अपने हेलीकॉप्टर से भेड़ गिन रहा था। इसी दौरान उन्होंने एक चमकीली चीज देखी। ये एक तिकोना खंबे जैसा था।

DPS कर्मचारी उसके पास पहुंचे। वीडियो बनाया। ये वीडियो अब यूट्यूब से लेकर हर जगह पर वायरल है। इस वीडियो में धातु का चमचमाता खंबा दिख रहा है। ये करीब 10 से 12 फीट ऊंचा है। इसका एक सिरा जमीन में गहराई तक धंसा हुआ है। कोई जंग नहीं लगी है। कुछ लिखा नहीं है। अब ये कहां से आया, किसका है, कौन यहां गाड़ गया, कुछ नहीं पता। पता है तो केवल एक सवाल और वो ये कि बेहद बियाबान इलाके में किसी ने ऐसा क्यों किया होगा?

दो हफ्ते पहले अचानक पाया गया यह धातु का खंबा अब गायब हो गया है। स्टेट क्रू को 18 नवंबर को हेलिकॉप्टर से यह ऑब्जेक्ट दिखाई दिया था। एक औसतन व्यक्ति की ऊंचाई से दोगुनी लंबाई का खंभा मिलना दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया था। फेडरल ब्यूरो ऑफ लैंड मैनेजमेंट या स्टेट डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी को इसके दिखने या गायब होने के बारे में कोई जानकारी हाथ नहीं लगी। दिलचस्प बात यह है कि जिस तरीके से एलियन्स इसे यहां लगाकर चले गए थे, वैसे ही इसे वापस लेकर चले गए।