नीतीश कैबिनेट की आ गई पहली सूची, जानें कौन-कौन ले सकते हैं शपथ 

पटना. ऑनलाइन टीम : नीतीश कुमार आज सोमवार को शाम 4.30 बजे बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। वह लगातार चौथी बार सीएम पद की शपथ लेंगे।  जानकारी के अनुसार जदयू से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री, जबकि बिजेन्द्र प्रसाद यादव मंत्री, वीआईपी से मुकेश सहनी जबकि हम प्रमुख जीतन राम मांझी के पुत्र एमएलसी डॉ. संतोष सुमन मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, भाजपा से तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी का शपथ लेना तय माना जा रहा है।

भाजपा की रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने की संभावना है।  अगर अधिक की संख्या पर मुहर लगी तो  वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम कुमार, नंदकिशोर यादव, मंगल पांडेय,  जदयब के श्रवण कुमार, नरेन्द्र नारायण यादव, महेश्वर हजारी, मेवालाल चौधरी, शीला देवी, अशोक चौधरी भी शपथ ले सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेता नंद किशोर यादव बिहार विधानसभा के स्पीकर हो सकते हैं। यादव ने पटना साहिब विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। वह पिछली नीतीश कुमार सरकार में मंत्री थे। इनके अलावा एक-दो नाम चौंकाने वाले भी हो सकते हैं।

नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। बताया गया है कि शपथ ग्रहण समारोह में राजद नेता तेजस्वी यादव शामिल नहीं होंगे। मिली जानकारी के अनुसार तेजस्वी यादव दिल्ली में हैं। वह दिवाली की शाम को ही दिल्ली चले गए थे। इस कारण वह शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे।