निर्भया केस : दोषी विनय की याचिका को पटियाला हाउस कोर्ट ने किया खारिज

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – निर्भया केस पर बड़ा अपडेट सामने आया है। निर्भया के दोषी विनय शर्मा की अर्जी को पटियाला हाउस कोर्ट ने खारिज कर दिया है। अदालत ने कहा कि तिहाड़ जेल की रिपोर्ट के मुताबिक दोषी विनय शर्मा की दिमागी हालत ठीक है। उसके दिमागी हालात को लेकर इलाज कराने की जरूरत नहीं है। इधर निर्भया के दोषियों के डेथ वारंट जारी होने के बाद तिहाड़ जेल प्रशासन एक बार फिर फांसी से पहले होने वाली सारी प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटा है। जेल अधिकारियों ने दोषियों को अपने घरवालों से अंतिम मुलाकात के बारे में पूछा है। इसके साथ ही दोषियों के परिजनों को भी पत्र लिखकर अंतिम मुलाकात की तारीख बताने को कहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पटियाला हाउस कोर्ट ने तिहाड़ जेल प्रशासन से निर्भया के सभी दोषियों को मेडिकल सुविधा मुहैया कराना सुनिश्चित करने को कहा है। सुनवाई के दौरान तिहाड़ जेल प्रशासन ने कहा कि दोषी विनय शर्मा ने जेल में अपना सिर फोड़ लिया था। हाथ में भी चोट आई है। डॉक्टर ने रिपोर्ट कोर्ट में पेश किया।

तिहाड़ जेल प्रशासन ने कहा कि दोषी विनय का स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक –
जेल प्रशासन ने कहा कि दोषी विनय का स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक है। विनय को कोई मानसिक बीमारी नहीं हुई है। जेल के डॉक्टर ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, दोषी विनय ने दो बार फोन पर बातचीत भी की है। पहली बार अपनी मां से बात की है, वहीं दूसरी बार अपने वकील से। ऐसे में यह कहना कि दोषी विनय अपनी मां को नहीं पहचान रहा है, यह गलत बात है।

दोषियों के वकील एपी सिंह ने कहा –
दोषियों के वकील एपी सिंह ने कहा कि 17 फरवरी को जेल गया था। दोषी विनय को 5 लोग मुलकात कराने लेकर आए। तिहाड़ ने अपनी रिपोर्ट में वह जानकारी नहीं दी है। दोषी विनय को सिजोफ्रेनिया की बीमारी है। इस बीमारी में रोगी सामने के लोगों को पहचान नहीं पाता है। सुनवाई के दौरान एपी सिंह भावुक हो गए।