राष्ट्रवादी कांग्रेस का पुलिस आयुक्तालय पर मोर्चा

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – पिंपरी चिंचवड मनपा में विपक्षी दल के नेता दत्ता साने के जनसंपर्क कार्यालय में तोडफोड के मामले के मुख्य सूत्रधार को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाय, इस मांग को लेकर राष्ट्रवादी काँग्रेस की ओर से मंगलवार को पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्त कार्यालय पर विशाल मोर्चा निकाला गया। इस दौरान शहर में कानून व्यवस्था पर उठे सवाल और बढ़ते अपराध की रोकथाम में पुलिस के नाकाम रहने का आरोप भी लगाया गया।
इस मोर्चे में राष्ट्रवादी कांग्रेस के पिंपरी चिंचवड़ शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे, महिला अध्यक्षा वैशाली कालभोर, पूर्व विधायक विलास लांडे, वरिष्ठ नगरसेवक डब्बू आसवानी, नाना काटे, मोरेश्वर भोंडवे, संजय वाबले, प्रशांत शितोले, संगीता ताम्हाणे, शमीम पठाण, शिक्षा मंडल के पूर्व अध्यक्ष फजल शेख, विशाल कालभोर समेत पार्टी के कई आला नेता, नगरसेवक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
साने के कार्यालय में तोड़फोड़ मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, मगर मुख्य सूत्रधार अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस तोड़फोड़ मामले के मुख्य सूत्रधार को गिरफ्तार करने के साथ ही दत्ता साने और उनके परिवार की जान को खतरा बताकर उनके लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की गई। इस मोर्चा के जरिए पिंपरी चिंचवड़ शहर में कानून व्यवस्था बनाये रखने, सुरक्षित माहौल बनाने की मांग के साथ ही कालेवाडी और निगडी में किशोर उम्र के बच्चों पर हुए अत्याचार की घटनाओं की कड़ी निंदा की गई।