राष्ट्रवादी ने मनपा आयुक्त को बनाया भाजपा प्रवक्ता

पिंपरी। संवाददाता : समाचार ऑनलाईन – सत्तादल भाजपा के कार्यालय में पहुंचकर पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल से की गई मुलाकात से विवादों में घिरे पिंपरी चिंचवड़ मनपा आयुक्त श्रवण हार्डिकर विवाद के दूसरे दिन भी विपक्ष के निशाने पर रहे। बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस के नगरसेवकों ने मनपा मुख्यालय में आयुक्त हार्डिकर के दफ्तर के बाहर उन्हें भाजपा प्रवक्ता बनाकर अनोखा आंदोलन किया। यही नहीं दफ्तर के बाहर उनकी नेमप्लेट पर ‘श्रावण हार्डिकर, भाजपा प्रवक्ता’ इस आशय का बोर्ड भी लगाया गया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस के नगरसेवक मयुर कलाटे, जावेद शेख, विक्रांत लांडे, विनोद नढे, राहुल भोसले, पंकज भालेकर, राजू बनसोडे, प्रज्ञा खानोलकर आदि ने मनपा आयुक्त के दफ्तर के बाहर यह अनोखा आंदोलन किया। साथ ही आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी भी की। मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर ने राज शिष्टाचार का उल्लंघन किया है, यह आरोप लगाकर राष्ट्रवादी के नगरसेवक मयूर कलाटे ने मुख्यमंत्री से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में मनपा आयुक्त हार्डिकर ने एक बयान जारी कर अपनी सफाई में कहा कि, पालकमंत्री नियुक्त होने के बाद चंद्रकांत पाटिल पहली बार मनपा कार्यक्षेत्र में पधारे थे। भाजपा कार्यालय के अलावा उनका शहर में अन्य कोई कार्यक्रम न था, इसलिए उनसे मिलने वहां जाना पड़ा।
सत्तादल के हितैषी रहने के आरोपों का पिंपरी चिंचवड़ मनपा के इतिहास में सबसे ज्यादा निशाना बने मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर तब फिर विपक्षी दलों के निशाने पर आए। जब पिंपरी चिंचवड़ शहर में पधारे पुणे जिले के नए पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल  से मिलने हार्डिकर भाजपा के कार्यालय में पहुंच गए। यहां उन्होंने पालकमंत्री के साथ बन्द कमरे में चर्चा की। मनपा इतिहास में यह पहला मौका है जब मनपा आयुक्त किसी सियासी दल के दफ्तर गए हों। मनपा आयुक्त हार्डिकर पर प्रेस कांफ्रेंस से लेकर आम सभा तक में भाजपा प्रवक्ता, दलाल, नौकर रहने के गंभीर आरोप होते रहे हैं। मनपा के इतिहास में सत्तादल के हितैषी रहने संबन्धी सबसे ज्यादा आरोप अगर किसी मनपा आयुक्त पर लगे हों तो उसमें वे अकेले ही नजर आएंगे। अब तो सीधे भाजपा कार्यालय में पहुंचकर उन्होंने उन आरोपों को साबित ही कर दिया, यह प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी दल के नेता दत्ता साने ने मांग की है कि, रावसाहब दानवे का रिक्त होने वाला प्रदेशाध्यक्ष का पद हार्डिकर को दे दिया जाना चाहिए।