राज्यस्तरीय नृत्य स्पर्धा रद्द; स्पर्धा के खर्च से बाढ़ पीड़ितों की मदद

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन –  शेखर ओव्हाल युवा मंच की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय नृत्य स्पर्धा रद्द कर दी गई है। इस स्पर्धा के आयोजन का पूरा ख़र्च पश्चिम महाराष्ट्र के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दिया जाएगा। मंच के अध्यक्ष और राष्ट्रवादी कांग्रेस के भूतपूर्व नगरसेवक शेखर ओव्हाल ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है।

उन्होंने बताया कि, पश्चिम महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। कोल्हापुर, सातारा और सांगली जिलों में तो बाढ़ से तबाही मची हुई है। ऐसे में बाढ़ पीड़ितों की मदद करना हमारी प्राथमिकता और कर्त्तव्य है। इसके चलते राज्यस्तरीय नृत्य स्पर्धा का आयोजन रद्द करने का फैसला किया गया। इस स्पर्धा के आयोजन का पूरा खर्च राष्ट्रवादी काँग्रेस के अध्यक्ष शरद पवार और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के सुपुर्द की जाएगी। राष्ट्रवादी काँग्रेस शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे और अन्य नेताओं व नगरसेवकों के साथ जल्द ही बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए मदद राशि दी जायेगी। इससे पहले शेखर ओव्हाल युवा मंच की ओर से पिंपरी चिंचवड़ शहर के बाढ़ पीड़ित दापोडी, कासारवाडी, फुगेवाडी, पिंपरी जैसे इलाकों में प्रभावितों के लिए कंबल और भोजनादि का प्रबंध किया गया।