सभी कॉलेजों में कामकाज शुरू होने से पूर्व राष्ट्रगान अनिवार्य

पुणे। सँवाददाता – राज्य सरकार में तकनीकी और उच्च शिक्षा मंत्री उदय सामंत ने पुणे में एक सँवाददाता सम्मेलन में महाराष्ट्र के सभी कॉलेजों में राष्ट्रगान अनिवार्य करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस बारे में जल्द एक अधिसूचना जारी करेगी। इसके अनुसार 19 फरवरी छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के
दिन से राज्य के सभी कॉलेजों में कामकाज की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ शुरू करने के लिए आदेश दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री सामंत ने कहा, हमने राष्ट्रगान को लेकर कुछ दिन पहले यह फैसला लिया था। निर्णय के अनुसार, राज्य के कॉलेजों में कामकाज राष्ट्रगान के साथ शुरू होगा। कॉलेजों में राष्ट्रगान अनिवार्य करने का यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। इसे प्रभावी बनाने को लेकर एक अधिसूचना जारी की जाएगी। गौरतलब हो कि पिछले महीने 26 जनवरी को शिवसेना, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस गठबंधन वाली महाविकास आघाडी सरकार ने स्कूली छात्रों के लिए सुबह की सभा के दौरान संविधान की प्रस्तावना पढ़ना अनिवार्य किया था।
इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार राज्य से सभी स्कूलों में 10वीं कक्षा तक मराठी भाषा की पढ़ाई भी अनिवार्य करने की तैयारी कर रही है। मराठी भाषा के मंत्री सुभाष देसाई ने भी स्पष्ट किया है कि विधेयक का मसौदा तैयार किया जा रहा है और 24 फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र में इसे पेश किया जाएगा। राज्य में 25 हजार स्कूल हैं, जिनमें मराठी की पढ़ाई नहीं होती है। लेकिन एक बार विधेयक पारित हो जाने के बाद यहां चल रहे सभी स्कूलों के लिए अपने पाठ्यक्रम में मराठी भाषा की पढ़ाई को शामिल करना अनिवार्य हो जाएगा।