Namaste Trump : ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया अपना सच्चा मित्र, कहीं ये बातें

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज 2 दिन के भारत दौरे के लिए अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने 22 किलोमीटर लंबा रोड शो करने के बाद साबरमती आश्रम पहुंचकर गांधी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने वहां चरखा भी चलाया। साबरमती आश्रम के बाद पीएम मोदी और ट्रंप मोटेरा स्टेडियम पहुंच गए हैं जहां ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यकम है। मोटेरा स्टेडियम में नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम शुरू हो चुका है।

पीएम मोदी के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने भाषण की शुरुआत हिंदी में नमस्ते कहकर की। ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका का सच्चा दोस्त है। यहां शानदार स्वागत करने के लिए आपक बहुत बहुत शुक्रिया। ट्रंप ने आगे कहा कि ‘मैं 8000 किलोमीटर का सफर तय कर यहां ये कहने आया हूं कि अमेरिका भारत से प्यार करता है। भारत एक सहनशील देश हैं और पीएम मोदी चैंपियन हैं’ |

ट्रंप ने कहा –
– पीएम मोदी आप सिर्फ गुजरात के गौरव नहीं हैं, आप इस बात का प्रमाण हैं कि कड़ी मेहनत और निष्ठा के साथ, भारतीय किसी भी चीज को पूरा कर सकते हैं, जो भी वे चाहते हैं। मोदी के नेतृत्व में लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, ज्यादातर घरों में लोग गैस से खाना बना रहे हैं।

–  5 महीने पहले अमेरिका ने पीएम मोदी का स्वागत किया था, आज हिंदुस्तान हमारा स्वागत कर रहा है जो हमारे लिए खुशी की बात है। आज हम दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारा स्वागत किया, आज से भारत हमारे लिए सबसे अहम दोस्त होगा।’

– पीएम मोदी राजनीति से पहले चाय बेचते थे। हर कोई उन्हें पसंद करता है, लेकिन ये बहुत मुश्किल काम है।

– अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने भाषण में बॉलीवुड और शाहरुख खान की फिल्म दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे का जिक्र किया। उन्होंने भारत की विविध संस्कृति और भांगड़ा डांस का भी जिक्र किया।

– अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में इस दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। डोनाल्ड ट्रंप बोले कि भारत-अमेरिका आज दोस्ती के साथ-साथ बिजनेस के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहे हैं। मैंने और मेलानिया ने आज महात्मा गांधी आश्रम का दौरा किया, जहां पर गांधी ने नमक आंदोलन की शुरुआत की। आज हम ताजमहल भी जाएंगे।

– डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कल मैं पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करूंगा, जिसमें हम कई डील पर बात करेंगे। भारत और अमेरिका डिफेंस के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं, हम भारत को जल्द ही सबसे खतरनाक मिसाइल और हथियार देंगे। डोनाल्ड ट्रंप बोले कि अमेरिका-भारत दोनों एक साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे, इस्लामिक आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका लड़ाई लड़ रहा है।

– अमेरिकी राष्ट्रपति बोले कि हमारे देश इस्लामिक आतंकवाद का शिकार रहे हैं, जिसके खिलाफ हमने लड़ाई लड़ी है। अमेरिका ने अपने एक्शन में ISIS को खत्म किया और अल बगदादी का खात्मा किया। डोनाल्ड ट्रंप बोले कि हम आतंक के खिलाफ कड़े एक्शन ले रहे हैं, पाकिस्तान पर भी अमेरिका ने दबाव बनाया है। पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ एक्शन लेना होगा, हर देश को अपने सुरक्षित करने का अधिकार है।

– अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका में रहने वाले कई बिजनेसमैन गुजरात से आते हैं, ऐसे में अमेरिका के विकास में अहम भूमिका निभाने के लिए हम सभी का शुक्रिया करते हैं।