मंगलवेढा, 11 जून : सोलापुर जिले के मंगलवेढा में एक मां ने अपने बेटी के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी. बेटी रात में घर छत पर सो रही थी तभी मां ने इस घटना को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी मां ने खुद पुलिस के पास जाकर अज्ञात व्यक्ति दवारा बेटी की हत्या करने की जानकारी दी। इस मामले की जांच करते हुए हत्या के रहस्य से पर्दा उठाते हुए आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है. लेकिन हत्या की चौंका देने वाली वजह सामने आई है .
जिस बेटी की हत्या हुई वह 35 वर्षीय थी और उसका नाम मंगल कुबेर नरले था। जबकि हत्या करने वाली मां का नाम चंदाबाई कुबेर नरले (उम्र 55 वर्ष ) है। दोनों ही मंगलवेढा के अकोला रोड में रहती थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से मृत मंगल और उसकी मां के बीच जमीन और पैसों को लेकर झगड़ा हो रहा था। इसी गुस्से में मां चंदाबाई ने बेटी मंगल की हत्या कर दी।
बुधवार की रात चंदाबाई और मंगल घर के छत पर सोने गए थे। बेटी को सोता देखकर मां ने पत्थर से मारकर उसकी हत्या कर दी। बेटी की हत्या के बाद मां सुबह तीन बजे पुलिस स्टेशन जाकर बेटी को अज्ञात व्यक्ति दवारा हत्या किये जाने की जानकारी दी।
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को मृतक की मां पर संदेह था। पुलिस ने चंदाबाई से सख्ती से पूछताछ की। चंदाबाई ज्यादा देर तक पुलिस के पास नहीं टिक पाई और उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि ज़मीन और पैसों को लेकर विवाद में हत्या की है। मंगलवेढा पुलिस जांच कर रही है कि इस मामले में और तो कोई शामिल नहीं है।