मनपा के उच्चस्थ अधिकारी के खिलाफ महिला कर्मी ने की गैरबर्ताव की शिकायत!

प्रशासन ने किया रफा- दफा मामला; मनपा गलियारे में है जोरशोर की चर्चा

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन

हंगामा, विवाद, आरोप- प्रत्यारोप, खट्टी मीठी चर्चा का पिंपरी चिंचवड़ मनपा का पुराना नाता है। पिछले कुछ दिनों से मनपा गलियारे में एक और चर्चा काफी जोरशोर में जारी है। वह है, मनपा के एक उच्च पदस्थ अधिकारी के खिलाफ एक महिला कर्मचारी द्वारा की गई गैरबर्ताव के शिकायत की। सम्बन्धित महिला ने पहले इसकी शिकायत प्रशासन के मुखिया से की, मगर उन्होंने बात को आगे न बढ़ाने की हिदायत देकर मामला रफा- दफा कर दिया। सोमवार को इस बारे में पुलिस में शिकायत दिए जाने की चर्चा चल रही थी, हांलाकि पिंपरी पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। मगर जिसके खिलाफ शिकायत किये जाने की चर्चा है, वह उच्च पदस्थ अधिकारी आज दिनभर काफी ‘डिस्टर्ब’ रहा।

मनपा स्वास्थ्य विभाग के मुखिया के पीए द्वारा अपने अधीनस्थ महिला कर्मचारी के साथ गैरबर्ताव और छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद अब मनपा में नंबर 2 के पोजिशन पर रहे एक उच्च पदस्थ अधिकारी के खिलाफ एक महिला कर्मचारी ने उसके साथ अश्लील गालीगलौज और गैरबर्ताव की शिकायत किये जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता महिला अपनी शिकायत को लेकर मनपा प्रशासन के मुखिया के पास गई थी। मगर उन्होंने उसे बात को आगे न बढ़ाने की हिदायत देकर उस उच्च पदस्थ अधिकारी की ‘खबर’ लेने का भरोसा दिलाया और मामले को रफा- दफा कर दिया। हांलाकि इतनी बड़ी बात इस तरह से शांत कैसे हो सकती है? चन्द दिनों में ही यह शिकायत बाहर आ गई और उस उच्च पदस्थ अधिकारी के बारे में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई।

इस बारे में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी खबर लगी, उन्होंने भी इसकी पूछताछ शुरू कर दी। इसके बावजूद न सच्चाई बाहर आ सकी न उस उच्च पदस्थ अधिकारी के बारे में जारी चर्चा थम सकी। आज तो सुबह से सम्बंधित महिला कर्मी की शिकायत के बारे में पिंपरी पुलिस थाने में मामला दर्ज होने की चर्चा का बाजार गर्म रहा। सम्बंधित अधिकारी से पूछताछ करने पर उसने साफ तौर पर कुछ नहीं कहा, मगर उनके बदले हुए तेवर और फोन पर की जा रही झल्लाहट से यह साफ होता है कि, वे काफी ‘डिस्टर्ब’ हैं। जब इस खबर की पुष्टि करने के लिए पिंपरी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्रीधर जाधव से पूछताछ की गई तब उन्होंने कोई शिकायत नहीं मिलने की बात कही। कुल मिला कर उच्च पदस्थ अधिकारी के खिलाफ महिला कर्मचारी द्वारा की गई शिकायत की गुत्थी आज भी अनसुलझी ही रही।