Mumbai Rains | मुंबईवासियों के लिए ‘काल’ की रात ! बारिश के कारण 25 लोगों की मौत; PM मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जताया दुःख

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – शनिवार की मध्यरात्रि मुंबई सहित उपनगरों में हुई मूसलाधार बारिश (Mumbai Rains) ने अच्छी-खाशी तबाही मचाई है। रात भर हुई बारिश की वजह से हर तरफ पानी भर गया, कई क्षेत्रों में तालाब जैसी स्थिति बन गई थी। मुंबई की सड़कों की स्थिति नदी-नालियों जैसी हो गई थी। कई जगहों पर घरों तक में पानी घुस गया था। कई मुंबईवासियों के लिए शनिवार की रात काल बनकर आई। मूसलाधार बारिश की वजह से घरों की छत ढहने से मुंबई में (Mumbai Rains) घटी तीन घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो गई है। चेंबूर में 17, विक्रोली में 7 और भांडुप में एक व्यक्ति की दुर्भाग्यपूर्ण रूप से मौत हुई है। एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड दवारा तेज़ी से बचाव कार्य किया जा रहा है। जख्मियों को पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस घटना पर दुःख जताया है। मृतकों के परिवारों को प्रधानमंत्री मोदी ने 2-2 लाख रुपए के मदद की घोषणा की है। जबकि जख्मियों के लिए 50 -50 हज़ार रुपए के आर्थिक मदद की घोषणा की गई है। मृतकों के परिवारों को महाराष्ट्र सरकारने 5-5 लाख रुपए के मदद की घोषणा की है।

 

चेंबूर की पहाड़ी के नीचे बसे भारतनगर में दीवार गिरने की दुर्घटना में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार बारिश की वजह से चट्टान दिवार पर गिरी जिसकी वजह से दिवार घरों पर ढह गई। एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है। अब तक 6 लोगों को बचाने में सफलता मिली है। बचाव कार्य अभी भी चल रहा है। कुछ लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

विक्रोली में घटी दूसरी घटना में दोमंजिली बिल्डिंग गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई है। बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। मलबे में कोई फंसा तो नहीं है ? इसकी तलाश की जा रही है। भांडुप में सुरक्षा दिवार गिरने से एक 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक किशोर का नाम सोहम थोरात है। भांडुप के अमरकोट क्षेत्र में वनविभाग की दिवार गिरने से यह घटना घटी है।

पीएम मोदी ने क्या कहा

इस दुर्घटना में मारे गए परिवार के साथ मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। जख्मियों की हालत में जल्द से जल्द सुधार हो, ऐसी प्रार्थना करता हूं।

 

अमित शाह ने भी दुःख व्यक्त किया

दुर्घटना की खबर सुनकर स्तब्ध हूं. इस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपने परिजन की जान गंवाई है उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस संकट से बाहर निकलने की शक्ति दे।

राष्ट्रपति कोविंद ने भी दुःख व्यक्त किया

मुंबई में बारिश की वजह से हुई दुर्घटना में जीवितहानि होने की खबर से दुःख हुआ है। इस दुर्घटना में मरने वालों के परिवार के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं।