संसद में उल्लेखनीय कार्य के लिए सांसद श्रीरंग बारणे भारत गौरव पुरस्कार से सम्मानित

पिंपरी। संसद और चुनाव क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए पिंपरी चिंचवड़ के समावेशवाले मावल लोकसभा चुनाव क्षेत्र से शिवसेना के सांसद श्रीरंग बारणे को भारत गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दिल्ली के भारत गौरव फाउंडेशन की ओर से केंद्रीय मंत्री मनसुखलाल मांडविया के हाथों सांसद बारणे को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। उनके अलावा गुजरात के सांसद डॅा. किरीट सोलंकी, मध्यप्रदेश के सांसद सुधीर गुप्ता और हरियाणा के सांसद रमेशचंद्र कौशिक भी इस पुरस्कार के हकदार बनें।
भारत गौरव अवॉर्ड फाउंडेशन की ओर से हर साल संसद और चुनाव क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करनेवाले सांसदों को भारत गौरव पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसमें संसद में सर्वाधिक सवाल उठाने, उपस्थिति और चर्चा में सर्वाधिक सहभागिता दर्शानेवाले सांसदों का गौरव किया जाता है। इसके साथ ही सामाजिक, शिक्षा, क्रीडा, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, पुलिस सेवा, महिला सशक्तीकरण, कला व संस्कृति, सरकारी सेवा, पत्रकारिता, विज्ञान व तकनीक, वीरता, औद्योगिक क्षेत्र, पर्यटन आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करनेवाली विभूतियों को भारत गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।
लगातार दो बार मावल लोकसभा चुनाव क्षेत्र से सांसद चुने गए श्रीरंग बारणे ने अपने गत पंचवर्षीय सत्र के विकासकामों और जनसंपर्क के बूते कई दिक्कतों को मात देते हुए गत लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की है। लोकसभा में सर्वाधिक उपस्थिति, सर्वाधिक सवाल उठानेवाले देश के टॉप 5 सांसदों में उनका समावेश है। इससे पहले उन्हें चेन्नई के प्राईम पॉईंट फाउंडेशन की ओर से संसदरत्न पुरस्कार प्रदान किया गया है। यही नहीं इस साल संसद महारत्न पुरस्कार के लिए भी उनका चयन किया गया है। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें चहुंओर से बधाइयां मिल रही हैं।