पुणे संभाग में 5 लाख से ज्यादा मरीजों ने दी कोरोना को मात

पुणे। महामारी कोरोना के दूसरे दौर की आशंकाओं के बीच पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर जिलों) में जहां संक्रमितों की संख्या बढ़ने लगी है वहीं महामारी को मात देनेवालों की संख्या भी पांच लाख पार कर गई है। पूरे संभाग में अब तक 28 लाख 460 लोगों की टेस्ट की गई है। उनमें से अब तक 5 लाख 30 हजार 983 लोग संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से 5 लाख 1 हजार 266 मरीजों ने महामारी को मात दी है। फिलहाल 14 हजार 797 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 14 हजार 920 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। संभाग का रिकवरी रेट 94.36 व डेथ रेट 2.81 फीसदी दर्ज हुआ है।

संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पुणे संभाग में गत 24 घँटे के भीतर महामारी के 1446 नए मरीज मिले हैं। अकेले पुणे जिले के 966 मरीजों के अलावा सातारा में 178, सोलापुर में 223, सांगली में 53 और कोल्हापुर जिले में 26 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं पुणे संभाग में आज 1468 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें पुणे जिले के 725, सातारा जिले के 583, सोलापुर जिले के 103, सांगली जिले के 17 और कोल्हापुर जिले के 40 मरीज शामिल हैं। संभाग में सर्वाधिक संक्रमण पुणे जिले में फैला है जहाँ कोरोना से मरनेवालों की संख्या आठ हजार पार कर गई है। शुक्रवार को जिले मेंं संक्रमितों का आंकड़ा संख्या 3 लाख 39 हजार 562 तक पहुंच गया है, जिसमें से 3 लाख 20 हजार 418 मरीज महामारी को मात देकर अस्पताल से घर लौटने में सफल रहे हैं। फिलहाल जिले के अस्पतालों में 10 हजार 883 मरीजों इलाज जारी है। अब तक 8261 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 2.43 फीसदी दर्ज हुआ है जबकि रिकवरी रेट 94.36 फीसद रह गया है।

पुणे के बाद कोरोना के सर्वाधिक मरीज सातारा जिले में मिले हैं जहां संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार 529 हो गया है। इसमें से 48 हजार 78 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1703 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 748 मरीजों का इलाज जारी है। सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या 45 हजार 226 हो गई है। इसमें से 41 हजार 428 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 1587 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 2211 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 46 हजार 674 हो गया है। इसमें से 44 हजार 506 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1693 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 475 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 48 हजार 992 संक्रमितों में 1676 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 46 हजार 836 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। फिलहाल 480 मरीजों का इलाज चल रहा है।