पिंपरी चिंचवड़ में 2 दिन में बढ़े 1600 से ज्यादा कोरोना के मरीज

संक्रमण का खतरा बढ़ने के बावजूद मनपा मुख्यालय में बरती जा रही है लापरवाही
पॉजिटिव रहने के बाद भी मुख्यालय में घूमता रहा ठेकेदार
पिंपरी। पुणे के बाद पिंपरी चिंचवड़ में भी महामारी कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। आंकड़ों की मानें तो दो दिन में शहर में 1600 से ज्यादा संक्रमित पाए गए हैं। वहीं नौ मरीज मौत के मुंह मे चले गए हैं। संक्रमण बढ़ने के बावजूद पिंपरी चिंचवड़ मनपा मुख्यालय में लापरवाही बरती जा रही है, जिसका प्रमाण मुख्यालय में रोजाना उमड़ रही भीड़ से मिलता है। उसी में कोरोना पॉजिटिव रहने के बावजूद एक ठेकेदार के मनपा मुख्यालय में चक्कर काटने की जानकारी सामने आ रही है।
इस बात की शिकायत मनपा आयुक्त राजेश पाटिल से की गई है। उन्होंने इस मामले को संज्ञान में लेकर जांच करने के आदेश दिए हैं। मनपा के जनसंपर्क विभाग का एक ठेकेदार कोरोना पॉजिटिव मिला था, उसे हालिया अस्पताल से डिस्चार्ज मिला है और होम आइसोलेशन में रहने को कहा गया है। इसके बावजूद यह ठेकेदार अपना बिल मंजूर कराने के लिए मनपा मुख्यालय में पहुंचा था। जबकि गत दिन ही मनपा आयुक्त ने होम आइसोलेशन में रहे कोरोना के मरीजों के बाहर घूमते पाए जाने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की चेतावनी दी थी। ठीक इसके दूसरे दिन यह मामला सामने आया है।
महापौर ने लगवाया टीका
इस बारे में मनपा के जनसंपर्क अधिकारी किरण गायकवाड़ ने कहा कि, इस मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब जैसा कि मनपा आयुक्त ने होम आइसोलेशन में रहे कोरोना के मरीजों के बाहर घुमते पाए जाने पर मामला दर्ज करने की चेतावनी दी है अब इस ठेकेदार के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है? इसकी उत्सुकता बढ़ गई है। उद्यानों को बंद रखने और नियमों का उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई के साथ साथ प्रशासन को मनपा कार्यालयों में उमड़ रही भीड़ पर नियंत्रण रखने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए। बहरहाल कोरोना टीकाकरण मुहिम में आज महापौर ऊषा ढोरे ने अपने पति मनोहर ढोरे के साथ टीका लगवाया।
नए से मिले 855 मरीज
इस बीच लगातार दूसरे दिन पिंपरी चिंचवड़ शहर में 800 से ज्यादा कोरोना के मरीज मिलने से चिंता बढ़ गई है। कल 812 मरीज मिलने के बाद शुक्रवार को शहर में 855 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा दूसरे शहर, जिला, तालुका के तीन मरीज भी संक्रमित पाए गए हैं। आज 476 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से घर छोड़ दिया गया। नए से 4 मौतें दर्ज हुई हैं। फिलहाल शहर के अस्पतालों में 1275 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि 4852 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। पिंपरी चिंचवड़ में अब तक एक लाख 12 हजार 370 कोरोना संक्रमित मिले हैं जिनमें से एक लाख 4 हजार 366 लोग कोरोना मुक्त हुए हैं। जबकि 1870 मरीजों की मौत हुई है। दूसरे शहर, जिला या तालुका से पिंपरी चिंचवड़ में इलाज के लिए आये 787 मरीजों की मौत हुई है। गैर शहरवासी 159 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 8161 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। पुणे औऱ अन्य जगहों के अस्पतालों में पिंपरी चिंचवड़ के 58 मरीज़ों का इलाज चल रहा है।