पुणे जिले में एक दिन में कोरोना के 10 हजार से ज्यादा नए मामले

पुणे। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच पुणे जिले में गत 24 घँटे के भीतर 10 हजार 112 नए मामले सामने आए हैं। बुधवार को कोरोना के संक्रमितों का आंकड़ा 6 लाख 68 हजार 126 तक पहुंच गया है, जिसमें से 5 लाख 57 हजार 424 मरीज अस्पताल से घर लौट गए हैं। फिलहाल अस्पतालों में 99 हजार 899 मरीजों का इलाज जारी है। अब तक 10 हजार 803 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 1.62 फीसदी और रिकवरी रेट 83.43 फीसद दर्ज हुआ है।
पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) में संक्रमितों का आंकड़ा 9 लाख पार कर गया है। वहीं कोरोना की चपेट में आकर अब तक 18 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। संभाग में बुधवार तक कुल 56 लाख 15 हजार 70 लोगों की टेस्ट की गई है। उनमें से अब तक 9 लाख 28 हजार 732 संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से 7 लाख 84 हजार 684 मरीजों ने कोरोना मुक्त हुए हैं। फिलहाल एक लाख 25 हजार 433 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 18 हजार 615 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। संभाग का रिकवरी रेट 84.49 फीसदी व डेथ रेट 2 फीसदी दर्ज हुआ है।
पुणे के संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पुणे संभाग में बीते 24 घँटे के भीतर कोरोना के 13 हजार 449 नए मरीज मिले हैं। इसमें अकेले पुणे जिले के 10 हजार 112 मरीज शामिल है। इसके अलावा सातारा में 1080, सोलापुर में 1301, सांगली में 657 और कोल्हापुर जिले में 299 नए संक्रमित मरीजों का समावेश है। राहत की बात है कि संभाग में आज कुल 11 हजार 692 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें पुणे जिले के 9843, सातारा जिले के 616, सोलापुर जिले के 787, सांगली जिले के 265 और कोल्हापुर जिले के 1810 मरीज शामिल हैं।
सातारा जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 75 हजार 428 हो गया है। इसमें से 64 हजार 454 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1964 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 9010 मरीजों का इलाज जारी है। सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या आज 73 हजार 439 हो गई है। इसमें से 61 हजार 709 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 2158 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 9572 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 56 हजार 737 हो गया है। इसमें से 50 हजार 444 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1862 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अभी 4431 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 55 हजार 2 संक्रमितों में 1828 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 50 हजार 653 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। अभी 2521 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।