तालाब किनारे शॉल में लिपटे मिले दुधमुंहे जुड़वां बच्चे 

पुणे : समाचार ऑनलाइन – पुणे के पाषाण इलाके में मंगलवार की सुबह तब खलबली मच गई जब यहां तालाब के पास ठंड के मौसम में शॉल में लिपटे जुड़वां दुधमुंहे बच्चे बरामद हुए हैं। इनमें एक लड़की और एक लड़का शामिल है। दोनों संभवतः जुड़वां बताएं जा रहे हैं। स्थानीय लोगों से इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों मासूमों को पाषाण के एक हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस इलाके में और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से उन्हें यहां छोड़ने वालों की तलाश कर रही है।
पुलिस से प्राप्त प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, पाषाण के तालाब के किनारे मॉर्निंग वाक पर गए लोगों को एक कंबल में लिपटे हुए दो नवजात बच्चे नजर आए। दोनों भी ठंड और भूख के कारण रो रहे थे। उनकी आवाज सुनकर लोगों का ध्यान उनकी ओर गया। लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। पाषाण पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर दोनों बच्चों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के चाइल्ड वार्ड के एनआईसीयू में दोनों का इलाज शुरू किया गया है। उनके कपड़ों को देख कर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे किसी अच्छे घर से हैं और उन्हें जानबूझकर वहां छोड़ा गया है।
भरी सर्द मौसम में दुधमुंहे जुड़वां बच्चों को इस तरह से खुले में छोड़कर चले जाने की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यह बात पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। फिलहाल दोनों बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय पुलिस तालाब के इलाके में और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर उसकी सहायता से मासूम बच्चों इस तरह से यहां छोड़ने वालों की तलाश कर रही है।