ट्रैफिक पुलिसकर्मी के सिर में मारी रॉड; 2 गिरफ्तार

पिंपरी। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों पर हमले की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पिंपरी चिंचवड़ से सटे चाकण चौक का है। यहां ट्रैफिक कंट्रोलिंग के दौरान मामूली विवाद में दो लोगों ने एक ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी के सिर में रॉड मारकर उस पर हमला किया गया। इस हमले में बेहोश पुलिसकर्मी का अस्पताल में इलाज जारी है। वारदात को लेकर चाकण पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है, वहीं क्राइम ब्रांच यूनिट 3 की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शनिवार की दोपहर पौने तीन बजे के करीब तलेगांव-चाकण रोड पर चाकण चौक में हुई इस वारदात में घायल ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी का नाम रविंद्र नामदेव करवंदे (30) है। उनका एक स्थानीय निजी अस्पताल में इलाज जारी है। करवंदे पर हमला करने के आरोप में पिंपरी चिंचवड़ पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 3 की टीम ने रोहित बाबू सालवी (20, निवासी कल्याण, ठाणे) और हर्षदीप भारत कांबले (22, निवासी नंदिवली ईस्ट, ठाणे) नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन दोनों ने भी वारदात स्वीकार कर ली है। उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए चाकण पुलिस के हवाले किया गया है।

यूनिट 3 के पुलिस निरीक्षक शंकर बाबर के अनुसार, पिंपरी चिंचवड़ पुलिस के चाकण ट्रैफिक विभाग में कार्यरत रविंद्र करवंदे बीती दोपहर चाकण चौक में ट्रैफिक कंट्रोलिंग कर रहे थे। तलेगाँव चाकण चौक पर दोपहर करीब एक बजे ट्रैफिक जाम हुआ। जाम हटाने में जुटे करवंदे ने उन्होंने आरोपियों को उनका कंटेनर पीछे ले जाने को कहा। इस पर से दोनों ने उनके साथ विवाद किया। गुस्से में आकर दोनों ने करवंदे पर लोहे की रॉड से हमला किया और मौके से फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले में वे बेहोश होकर गिर गए। लोगों ने उन्हें पास के अस्पताल में पहुंचाया। क्राइम ब्रांच यूनिट 3 की टीम ने सीसीटीवी फुटेज हासिल कर दोनों आरोपियों की शिनाख्त की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।