मनपा की आमदनी में 21% की बढ़ोतरी

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – पिंपरी चिंचवड मनपा की आमदनी बढ़ाने के लिए कमर कसे हुए स्थायी समिति के सभापति विलास मडिगेरी ने मनपा के विभागप्रमुखों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इसमें मनपा को 2019-2020 इस वित्त वर्ष के पहले तीन माह की आमदनी में 21 फीसदी की बढ़ोतरी होने की जानकारी सामने आई है। उसमें निर्माणकार्य अनुमति विभाग को सर्वाधिक 151 करोड़ 86 लाख 60 हजार रुपये की आय मिली है। इस आय में 84 करोड़ 75 लाख 84 हजार रुपये की वृद्धि हुई है।
स्थायी समिति सभापति मडिगेरी ने विकास परियोजनाओं के लिए बजट कम साबित न हो इसके लिए मनपा की आमदनी में बढ़ोतरी जरूरी बताकर तीन माह में मिली बढ़त पर संतोष जताया। आमदनी वृद्धि की समीक्षा बैठक में मनपा के अतिरिक्त आयुक्त संतोष पाटिल, शहर अभियंता राजन पाटिल, मुख्य लेखापाल जितेंद्र कोलम्बे, सहायक आयुक्त प्रवीण आष्टीकर, विजय खोराटे,  मनोज लोणकर, आशादेवी दुरगुडे, संदिप खोत, अण्णा बोदडे, सह शहर अभियंता मकरंद निकम, दमकल अधिकारी किरण गावडे, मुख्य उद्यान अधीक्षक सुरेश सालुंखे समेत संबंधित विभागों के प्रमुख, प्रशासन अधिकारी उपस्थित थे।
पहली तिमाही में निर्माणकार्य अनुमति विभाग ने सब्स ज्यादा बढ़ोतरी पायी है। गत वर्ष इन तीन माह में जहां 67.10 करोड़ की आय मिली थी, इस साल 151.86 करोड़ की आय मिली है। गत वर्ष की तुलना में इस साल 126.30 फीसदी यानी 87.75 करोड़ रुपए अधिक मिले है। करसंकलन विभाग को इस साल 228.23 करोड़ रुपए मिले हैं जोकि गत साल की तुलना में 43.23 करोड़ रुपए ज्यादा है। आज की तारीख तक कर संकलन विभाग को कुल 250.89 करोड़ की आय मिली है। इसमें सर्वाधिक 52.28 करोड़ की आय कर संकलन के थेरगांव विभागीय कार्यालय को मिली है। जलापूर्ति, दमकल विभागों की आय में भी इस साल 98 व 99 फीसदी बढ़ोतरी मिली है। आय वृद्धि के लिहाज से पीछे रहे भूमि व जिंदगी और आकाशचिन्ह व लाइसेंस विभागों को ज्यादा मेहनत करने की सूचना भी स्थायी समिति सभापति मडिगेरी ने दी है।