मनोज तिवारी की बड़ी बेटी ने छोटी बहन का नाम रखा ‘सान्विका’  

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : भाजपा नेता मनोज तिवारी के घर आई परी को नाम मिल गया है। दिल्ली में हुए इस नामकरण संस्कार समारोह में मनोज तिवारी की बड़ी बेटी रीति ने छोटी बहन का नाम रखा। रीति ने छोटी बहन का नाम सान्विका तिवारी रखा है। नन्ही बेटी के इस नामकरण संस्कार समारोह में जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की।

मनोज तिवारी ने उत्तर प्रदेश से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने सपा के टिकट पर गोरखपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ा था, लेकिन उत्तर प्रदेश के ही मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थामा था। उन्हें साल 2014 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया और वह लोकसभा चुनाव जीतने में सफल रहे थे। साल 2019 का लोकसभा चुनाव भी उन्होंने जीता।

हाल ही में एक बेटी के पिता बने हैं।  मनोज तिवारी और  सुरभि तिवारी अप्रैल महीने में परिणय सूत्र में बंधे थे। बेटी के जन्म के बाद से ही मनोज तिवारी की दूसरी शादी की बात भी सामने आ गई, जो बात उन्होंने अब तक सभी से छुपाकर रखी थी। मनोज तिवारी ने अब खुद बेटी के जन्म के बाद इस बारे में खुलकर बात की है और बताया है कि उन्होंने अपनी बड़ी बेटी जिया (रीति) के कहने पर शादी की है।

मनोज ने बताया कि, ‘सुरभि और मैंने लॉकडाउन के दौरान अप्रैल में शादी की। वह मेरे प्रशासनिक काम को देखती थीं। दरअसल, वह एक गायिका हैं और उन्होंने मेरे साथ एक संगीत वीडियो में गाना गाया है। मेरी बेटी जिया ने सुरभि के साथ रिश्ते को लेकर जिद की और कहा कि हम दोनों को शादी कर लेनी चाहिए। जिया और सुरभि एक दूसरे के साथ काफी सहज हैं।’

मनोज तिवारी ने साल 2012 में पहली पत्नी रानी से तलाक ले लिया था। रानी से मनोज को एक बेटी जिया हैं। रानी और मनोज के बीच अलगाव के बाद रानी ने अलग होने का फैसला लिया था और मनोज ने भी उनकी बात मान ली। हाल ही में एक मीडिया हाउस से बातचीत में मनोज ने अपनी पहली पत्नी, दूसरी पत्नी और बेटी के बारे में खुलकर बात की थी।