नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : भोजपुरी एक्टर से राजनेता बने बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के घर लक्ष्मी का आगमन हुआ है। यह खुशखबरी मनोज तिवारी ने अपने ट्विटर और इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए फैंस के साथ साझा की है। मनोज तिवारी ने पोस्ट में अपनी न्यू बॉर्न बेबी के साथ फोटो शेयर की है। इस फोटो में वे बच्ची को गोद में लिए दिख रहे हैं। बता दें, मनोज तिवारी पहले ही एक बेटी के पिता हैं। तस्वीर शेयर करते हुए मनोज तिवारी ने लिखा, ‘मेरे घर आई एक नन्ही परी। मुझे एक बेटी का पिता बनने का सौभाग्य मिला है… जय जगदंबे।’ इस ट्वीट पर लगातार फैन्स और जानने वालों के कमेंट्स आ रहे हैं। लोग मनोज तिवारी को बधाइयां दे रहे हैं।
मनोज तिवारी का जन्म 1973 में बिहार के एक छोटे से गांव अटरवालिया में हुआ था। मनोज तिवारी ने अपनी पहली फिल्म ‘ससुरा बड़ा पैसावाला’से भोजपुरी फिल्म को पूरे देश में एक नई पहचान दिलाई। मनोज तिवारी ने भोजपुरी गानों को दुनिया के कोने-कोनें में पहुंचाया है। मनोज ने कई हिट गाने दिए हैं। इनमें ‘बगलवाली जान मारेली’, ‘रिंकिया के पापा’, ‘इंटरनेशनल लिट्टी चोखा’ जैसे गाने शामिल हैं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में भी कई गाने गाए हैं। इनमें से एक फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में गाया गया गाना है, जिसके बोल ‘जियो ओ बिहार के लाला’ है। ये गाना काफी हिट हुआ था।
मनोज तिवारी ने टेलीविज़न पर आने वाले प्रसिद्ध रियलिटी शो बिग बॉस में भी हिस्सा लिया जिसमें दर्शकों ने भी इन्हें खूब पसंद किया। फिलहाल तिवारी बीजेपी की तरफ से राजनीति में सक्रिय हैं और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं। वे लगातार दो बार सांसद चुने गए हैं। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव भी उन्होंने जीता। मनोज तिवारी ने रानी तिवारी से 1999 में शादी की और इन दोनों कपल्स से एक बेटी ने जन्म लिया। उसके बाद इन दोनों ने साल 2012 में तलाक ले लिया। रानी को लगता था कि बिग बॉस 4 के दौरान श्वेता तिवारी का उनके साथ कोई संबंध था।