सेना भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में मेजर रेंज के अधिकारी गिरफ्तार

पुणे। आर्मी की सोल्जर भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में रविवार को सेना के एक मेजर रैंक के अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। पुणे पुलिस के अनुसार सैन्य अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में यह नौंवी गिरफ्तारी है। पुणे पुलिस ने तमिलनाडु से इस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को वेलिंगटन शहर में गिरफ्तार किया गया। आरोपी को पुणे लाया गया है जहां उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
इससे पहले 28 फरवरी को होने वाली सेना की भर्ती परीक्षा का पर्चा लीक होने के बाद दो सैन्य अधिकारियों और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। यही नहीं पुणे समेत 40 अन्य केद्रों पर आयोजित की गई परीक्षा रद कर दी गई थी। पर्चा लीक के सिलसिले में पुणे में दो मामले दर्ज किए गए हैं। एक केस पेपर लीक होने के संबंध में वानवड़ी थाने में जबकि फर्जीवाड़ा से जुड़ा एक अन्य मामला विश्रामबाग पुलिस थाने में दर्ज किया गया है।
मिलिट्री इंटलीजेंस और पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई में इससे पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था जिनमें दो मिलिट्री सेवारत रक्षा कर्मी जबकि एक रक्षा नागरिक और कुछ ऐसे थे जो देश के विभिन्न हिस्सों में प्री मिलिट्री प्रशिक्षण संस्थान चला रहे थे। पर्चा लीक में किसी भीतरी अधिकारी या कर्मचारी का हाथ होने की आशंकाएं थीं। इस मामले में दो से तीन जिलों में जांच की जा रही थी। पर्चा लीक होने के चलते इस परीक्षा को समय से पहले ही रद कर दिया गया था।