महावितरण के वरिष्ठ टेक्नीशियन ने की आत्महत्या, हाल ही में मनाया था बेटी का पहला जन्मदिन

धायरी : सिंहगड रोड परिसर के नर्हे-धायरी स्थित महावितरण कार्यालय के एक वरिष्ठ टेक्नीशियन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करनेवाले टेक्नीशियन का नाम उमेश प्रकाश दिक्षीवंत (उम्र 32, नि. फिनोलेक्स कॉलोनी, कालेवाडी, पिंपरी चिंचवड) है।

सिंहगड पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उमेश दिक्षीवंत महावितरण के धायरी शाखा में कार्यरत थे। अभी उनकी नाइट ड्यूटी चल रही थी। हमेशा की तरह शनिवार रात को 11 बजे काम पर हाज़िर हुए। दूसरे कर्मचारी काम में व्यस्त थे, दिक्षीवंत कार्यालय के पास वाले गोदाम में गए। सुबह 7 बजे एक कर्मचारी किसी काम से गोदाम में जा रहा था तो उसने देखा गोदाम का दरवाज़ा अंदर से बंद है। उसने आवाज़ भी लगाई लेकिन दिक्षीवंत ने कोई जबाब नहीं दिया।

उसके बाद कर्मचारी ने खिड़की से झांका तो उसने देखा कि दिक्षिवंत फंदे से झूल रहे थे। कर्मचारी ने तुरंत इसकी जानकारी अन्य कर्मचारियों को दी। उसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने दरवाज़ा तोड़ कर अंदर प्रवेश किया। दिक्षीवंत ने छत में लगे लोहे के एंगल से नायलॉन की रस्सी की मदद से आत्महत्या की। इस मामले में सिंहगड पुलिस अधिक जांच कर रही है।

मूल रूप से उस्मानाबाद जिले के उमेश दिक्षीवंत कोल्हापुर से ट्रांसफर होकर महावितरण के धायरी शाखा में कार्यरत हुए। मिलनसार स्वभाव के दिक्षीवंत की शादी दो साल पहले हुई थी। वे कालीवाडी में पत्नी के साथ रह रहे थे। उनकी एक बेटी भी है हाल ही में उसका पहला जन्मदिन हुआ था। उन्होने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम क्यों उठाया, ये अभी तक किसी को पता नहीं।