महाराष्ट्र : रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने अपने दो बेटों को मारी गोली, मामूली बात पर हुआ था विवाद

मुंबई : ऑनलाइन टीम – मुंबई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, नवी मुंबई में एक पिता ने अपने दो बेटों को गोली मार दी। एक बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि वहीं दूसरा बेटा अस्पताल में वेंटिलेटर पर है। आरोपी एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी है और उसका नाम भगवान पाटिल है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के चलते उसने अपने बेटों पर गोलियां दाग दी। दोनों बेटों को पड़ोसियों ने ऐरोली के इंद्रावती अस्पताल में पहुंचाया जहां इलाज के दौरान बड़े बेटे विजय की मौत हो गई। छोटे बेटे को लगी गोली को डॉक्टर्स ने निकाल दिया लेकिन अभी भी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों बेटे अपने पिता से अलग रहते थे और तीनों के बीच में अक्सर लड़ाई होती रहती थी।

सोमवार को रिटायर्ड पुलिसकर्मी भगवान पाटिल ने अपने दोनों बेटे को घर पर बुलाया और उनके बीच में कहा सुनी होने लगी। इसके बाद पिता ने अपने बेटों पर चार गोलियां दाग दी। एक गोली घर की खिड़की के कांच से टकरा गई। जबकि दो गोली बड़े बेटे विजय के पेट में लग गई. एक गोली छोटे बेटे को लग गई। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे तो उन्होंने दोनों बेटों को खून से लथपथ पाया।

इसके बाद पड़ोसियों ने ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान बड़े बेटे की मौत हो गई जबकि अभी छोटे बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। पुलिस के मुताबिक, विवाद बहुत ही मामूली था। तीनों के बीच में गाड़ी की सर्विसिंग के पैसे को लेकर विवाद शुरू हुआ था।  तीनों के बीच पहले हाथापाई हुई और फिर पिता ने अपनी सर्विसिंग पिस्तौल से बेटों पर गोलियां दाग दी।