महाराष्ट्र : डेल्टा की वजह से राज्य में फिर से प्रतिबंध ; मुंबई सहित 33 जिलों में स्तर  तीन का नियम लागू 

मुंबई, 26 जून : कोरोना पॉजिटिविटी रेट के अनुसार निश्चित किये गए एक और दो स्तर को रद्द कर केवल तीन, चार और पांच इन तीन स्तर को बनाये रखने का निर्णय राज्य सरकार ने शुक्रवार को लिया।  शुक्रवार के इस निर्णय से 33 जिलों में स्तर तीन प्रतिबंध लागू हो गया है।

अब तक एक और दो स्तर वाले जिलों में तीसरे स्तर का प्रतिबंध लगाया गया है।  पिछले सप्ताह राज्य के 25 जिले स्तर एक में थे। इसके अलावा पहले से ही 8 जिले तीन स्तर में थे।  अब इन सभी जिलों में स्तर का प्रतिबंध रहेगा।  डेल्टा वैरियंट के फैलाओ और संभावित तीसरी लहर को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

पहले एक सप्ताह में पॉजिटिविटी रेट चेक किया जाता था अब दो सप्ताह में किया जाएगा। अधिक प्रतिबंध लगाना हो तो दो सप्ताह तक इंतजार करने की जरुरत नहीं है।  जिला प्रशासन जरुरत के अनुसार निर्णय ले सकती है।

स्तर तीन में शामिल है ये जिले

मुंबई शहर व उपनगर, नाशिक, उस्मानाबाद, सांगली, बीड, पालघर, पुणे, सातारा, सिंधुदुर्ग, अहमदनगर, अकोला, औरंगाबाद, गढ़चिरौली, ठाणे, अमरावती, भंडारा, बुलडाणा, चंद्रपुर, धुले, गोंदिया, हिंगोली, जलगांव, जालना, लातूर, नागपुर, नांदेड़, नंदुरबार, परभणी, सोलापुर, वर्धा, वाशिम, यवतमाल इन 33 जिलों में स्तर तीन प्रतिबंध लागू रहेगा।  राज्य के स्तर दो और पांच वाले एक भी जिले नहीं है।  स्तर चार में रायगढ़, रत्नागिरी और कोल्हापुर है।

दुकानों के लिए क्या है नियम

तीसरे स्तर में अत्यावश्यक दुकानें और संस्थाएं सभी दिन दोपहर 4 बजे तक शुरू रखने की परमिशन दी गई है।  अत्यावश्यक नहीं होने पर भी दुकाने और संस्थाएं सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर 4 बजे तक खुली रहेगी।

मॉल, थिएटर, मल्टीप्लेक्स बंद

तीसरे स्तर के प्रतिबंध में रेस्टोरेंट, होटल्स 50% क्षमता से दोपहर 4 बजे तक खुली रखने की परमिशन है।  वीकेंड में होटल खुला नहीं रहेगा। इस दौरान होम डिलीवरी की परमिशन होगी।  मॉल्स, थिएटर और मल्टीप्लेक्स बंद रहेंगे।

जिम, सैलून के लिए क्या होगा टाइम टेबल

स्वास्थ्य कर्मचारी और अत्यावश्यक सेवा के कर्मचारी लोकल ट्रेन से सफर कर पाएंगे। जिम, सैलून और स्पा दुकानें 50% क्षमता से दोपहर 4 बजे तक खुली रहेगी . अब प्रतिबंध में छूट के लिए आरटीपीसीआर टेस्टिंग के आंकड़ों को देखा जाएगा।

तीसरी लहर में राज्य के 50 लाख नागरिको के संक्रमित होने का डर – डॉ. राजेंद्र शिंगणे

संभावित तीसरी लहर में राज्य के करीब 50 लाख नागरिकों के संक्रमित होने का डर है। बीच के दिनों में किये गए सर्वेक्षण से यह निष्कर्ष निकाला गया है।  दो दिन पहले मंत्रिमंडल की हुई बैठक में इस संदर्भ में विस्तार से चर्चा किये जाने की जानकारी अन्न व औषध प्रशासन मंत्री डॉ. राजेंद्र शिंगणे ने दी है।

डेल्टा प्लस संक्रमण से राज्य में पहली मौत

डेल्टा प्लस के कारण रत्नागिरी जिले में 80 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई।  डेल्टा के कारण राज्य में यह पहली मौत होने की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने जालना में पत्रकारों से बात करते हुए दी।  उन्होंने कहा कि डेल्टा प्लस को मात देने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार है। यह कहते हुए कहा कि राज्य में लॉकडाउन का फिर से विचार नहीं है।

महाराष्ट्र को अधिक सावधान रहना होगा

स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञों ने कहा है कि महाराष्ट्र में लॉकडाउन में छूट देते वक़्त अधिक सावधान रहना होगा।  आईसीएमआर के महासंचालक बलराम भार्गव ने बताया कि रायगढ़, सांगली, सिंधुदुर्ग, पुणे, रत्नागिरी, सातारा, पालघर और उस्मानाबाद में आज भी पॉजिटिविटी रेट 5 से 9 प्रतिशत है। यहां ज्यादा सावधानी रखनी होगी।