महाराष्ट्र : राम के नाम पर मुंबई में भिड़े BJP और शिवसेना कार्यकर्ता

मुंबई : ऑनलाइन टीम – मुंबई के दादर के शिवाजी पार्क इलाके में भाजपा और शिवसेना के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए हैं। भाजपा महिला पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की है। दरअसल भाजपा कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर विषय पर लगातार बोल रही शिवसेना के खिलाफ फटकार मोर्चा निकाला था।

उनका यह मोर्चा दादर स्थित शिवसेना भवन के सामने पहुंचा था। सेना भवन में पहले से ही शिवसेना के कार्यकर्ता मौजूद थे। बाहर पुलिस का भी कड़ा बंदोबस्त था लेकिन, जैसे ही BJP कार्यकर्ता वहां पहुंचे शिवसेना और भाजपा के कार्यकर्ता एक दूसरे से भिड़ गए। शिवसेना भवन से थोड़ी दूर पर ही पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया है और उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मार-पीट की है. खास महिला पदाधिकारियों को लाठी से पीटा गया है।

शिवसेना की ओर से सांसद अरविंद सावंत ने इस घटना पर कहा कि यह क्रिया की प्रतिक्रिया है। जैसा सवाल आएगा वैसा जवाब जाएगा। राम मंदिर के निर्माण के लिए दुनिया भर से सैंकड़ो करोड़ रुपए जमा किए गए हैं। प्रभु रामचंद्र के नाम पर एक भी घोटाला नहीं होना चाहिए। श्री रामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट में भाजपा से संबंधित सदस्य हैं।