महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : महाराष्ट्र में पिछली बार के मुकाबले 3 प्रतिशत कम हुई वोटिंग

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों पर आज मतदान हुआ। चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे। महाराष्ट्र की 288 सीटों पर 3,237 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 235 महिलाएं हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां कुल 8,89,39,600 मतदाता हैं, जिनमें से 4,28,43,635 महिलाएं हैं। पूरे राज्य में 96,661 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए राज्य में केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस के तीन लाख जवानों को तैनात किया गया है।

बता दें कि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन (एनडीए) और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है। भाजपा गठबंधन की बात करें तो भाजपा 150 सीटों पर चुनाव लड़ रही है तो वहीं शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं अगर बात कांग्रेस की बात करें तो उसने 147 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं एनसीपी 121 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

महाराष्ट्र में पिछली बार के मुकाबले 3 प्रतिशत कम हुई वोटिंग –
महाराष्ट्र में शाम 6 बजे तक 55.33 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है, जो 2014 के मुकाबले 3 फीसदी कम है। वहीं हरियाणा में शाम 6 बजे तक 61.62 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है। कम वोटिंग पर जानकारों का कहना है कि लोगों में निराशा का भाव है। विपक्ष का भटकाव इसकी सबसे बड़ी वजह है। विपक्ष संघर्ष नहीं करना चाहता और इससे वोटरों में भी उदासीनता है।

हरियाणा का भी वही हाल –
विधानसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र और हरियाणा में मतदान की रफ्तार सुस्त रही। महाराष्ट्र में शाम 5 बजे तक 44.61 फीसदी दर्ज किया गया तो वहीं हरियाणा में 53.78 फीसदी वोट पड़े। अब से थोड़ी देर बाद एग्जिट पोल सामने आ जायेंगे।