महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : कांग्रेस का बड़ा ऐलान, सरकार बनाने पर बेरोजगार युवाओं को 5 हजार महीना भत्ता व प्राइवेट नौकरियों में स्थानीय लोगों को 75 फीसदी आरक्षण

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – महाराष्ट्र में इन दिनों चुनावी माहौल गरम है। राजनीतिक पार्टियां रैली करने में व्यस्त है। सत्ता दल अपने काम गिनाने में जुट गए है। जबकि विपक्ष सरकार की फ़ैल योजनाओं पर राजनीतिक रोटियां सेंकना शुरू कर दी है। राज्य में विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को है। फैसला 24 अक्टूबर को आना है। इस बीच कांग्रेस पार्टी ने बड़ा दांव खेला है। कांग्रेस ने प्राइवेट नौकरियों में स्थानीय लोगों को 75 फीसदी आरक्षणऔर बेरोजगार युवाओं को 5 हजार रुपये महीना भत्ता देने का भी एलान किया। मौजूदा समय में कांग्रेस की हालत बेहद खस्ता है। इन वादों के आसरे कांग्रेस की कोशिश अपनी जमीन को बचाए रखने की होगी।

महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष सत्यजीत ने कहा है कि ‘अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो प्राइवेट कंपनियों में 75 फीसदी नौकरियां राज्य के लोगों के लिए रिजर्व की जाएंगी।’ बता दें कि ऐसा ही दांव आंध्र प्रदेश चुनाव से पहले जगनमोहन रेड्डी ने भी खेला था। कांग्रेस-एनसीपी के साथ मिलकर जल्द ही विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करेगी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस-एनसीपी के घोषणापत्र में युवा वोटर्स को लुभाने के लिए बेरोजगारी भत्ता और नौकरियों के बड़े बड़े वादे किए जा सकते हैं।

जून में मध्यप्रदेश की सरकार कमलनाथ सरकार ने भी प्राइवेट सेक्टर में 70 फीसदी नौकरियां लोकल लोगों के लिए रिजर्व करने का एलान किया था। कांग्रेस ने महाराष्ट्र में सरकार बनने पर 6 महीने के अंदर राज्य में खाली पड़ी 2 हजार नौकरियों को भी भरने का एलान किया है।  इसके अलावा बेरोजगार युवाओं को 5 हजार रुपये महीना भी दिए जाएंगे। इस मुद्दे के आसरे कांग्रेस को पिछले साल मध्य प्रदेश और राजस्थान चुनाव में कामयाबी मिली थी।