महाराष्‍ट्र भी पहुंचा Bird Flu, परभणी के पॉल्‍ट्री फार्म में 800 मुर्गियों की मौत

मुंबई : ऑनलाइन टीम – कोरोना वायरस के साथ-साथ अब भारत में बर्ड फ्लू का कहर जारी है। ये दिन व दिन देश में फैलते ही जा रहा है। केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश के बाद अब बर्ड फ्लू की एंट्री महाराष्‍ट्र में हो गयी है। राज्य के परभणी जिले के मुरुम्बा गांव स्थित पॉल्‍ट्री फार्म में 800 मुर्गियों की मौत हो गई है। इससे हड़कंप मच गया है।

परभणी के जिलाधिकारी दीपक मुलगीकर के मुताबिक, मुर्गियों की मौत का कारण बर्ड फ्लू है। दो दिनों में मराठवाड़ा इलाके के मुरुम्बा गांव में 800 मुर्गियां मरी हैं, जिस पॉल्ट्री फार्म में मुर्गियों की मौत हुई है उसे स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) चलाता है। डीएम के अनुसार इस पोल्ट्री फार्म में करीब आठ हजार मुर्गियां हैं।  800 मुर्गियों की मौत दो दिनों में हुई है। अब इस गांव के 10 किमी दायरे में आने वाले इलाकों में मुर्गियां नहीं भेजी जाएंगी। बता दें कि महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू का यह पहला मामला सामने आया है। ऐसे में अब आठ राज्‍यों में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो गई है।