महाबलेश्वर हत्या मामले की गुत्थी सुलझी; निगड़ी से एक गिरफ्तारी

प्रेम संबंध में हुई नवविवाहित युवक की हत्या

पिंपरी। पुणे समाचार

चंद दिनों पूर्व विवाहबद्ध हुए पुणे के औंध निवासी आनंद काम्बले नामक युवक की महाबलेश्वर में हुई हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। यहां के पसरणी घाट में लूटपाट की वारदात में उसकी हत्या की गई, ऐसा बताया जा रहा था। मगर अब इस मामले ने अलग मोड ले लिया है। यह हत्या प्रेम सम्बन्धों में हुई है, ऐसा अब तक की जांच में सामने आया है। महाबलेश्वर पुलिस ने पिंपरी चिंचवड़ के निगड़ी स्थित ओटा स्किम से निखिल मलेकर नामक युवक को इस मामले में गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद काम्बले और दीक्षा ओव्हाल का 20 मई को बानेर में धूमधाम से विवाह हुआ था। इसके बाद यह नवदम्पति एक और जोड़ी के साथ हनीमून के लिए महाबलेश्वर गए थे। यात्रा के दौरान पसरणी घाट में दीक्षा को उल्टी होने लगी, जिसके चलते गाड़ी रोकी गई। आनंद उसे लेकर सड़क के किनारे गया, तब दोपहिया से आये दो लोगों ने आनंद पर हंसिये से वार किए और वहां से भाग गए। हथियार देखकर दूसरी जोड़ी चाह कर भी कुछ न कर सकी।

घायलावस्था में आनंद को अस्पताल ले जाया गया, मगर उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। तब माना जा रहा था कि लूटपाट के इरादे से किए गए हमले में यह हत्या हुई है। मगर अब इस वारदात को अलग मोड मिल गया है। महाबलेश्वर पुलिस अब तक की जांच में इस नतीजे पर पहुंची है कि, यह हत्या प्रेम सम्बन्ध में हुई है। निगड़ी से निखिल मलेकर नामक युवक को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। निखिल और दीक्षा के बीच प्रेम सम्बन्ध थे, इसी के चलते आनंद को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या की गई, ऐसा पुलिस का कहना है। बहरहाल सभी पहलुओं से इस वारदात की जांच शुरू है, इसमें और कौन शामिल है? इसकी भी जांच जारी है।