प्रेमी की करतूत..किशोरी को घर से भगाया और कराने लगा जिस्मफरोशी 

नोएडा. ऑनलाइन टीम : बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की शादी के सपने देखकर प्रेमी के साथ घर छोड़कर भाग निकली थी। फिर उसके साथ जो हुआ, वह आज की युवा पीढ़ी की आंखें खोलने के लिए काफी है।  नाबालिग ने जिस शख्स से प्रेम कर शादी के सपने संजोए थे, उसी शख्स ने उसे जिस्मफरोशी के दलदल में धकेल दिया। यही नहीं लड़की के प्रेमी ने उसे कॉल गर्ल बनाकर जबरन उसका शोषण भी किया।

ढाई महीने पहले बिहार के मुजफ्फरपुर की यह 17 वर्षीय किशोरी अपने परिजनों को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ पटना से दिल्ली भाग आई थी। दोनों होटल में रुके। कुछ दिन इधर-उधर घूमने के बाद सच्चाई से पाला पड़ा। शरीर की भूख खामोश होने लगी तो पेट की भूख सताने लगी। और बस यहीं से शुरू हुआ कहानी का दूसरा दौर। पहले दिन लड़की को समझ में नहीं आया, लेकिन प्रेमी के साथ आया व्यक्ति उसे लूट कर चला गया। प्रेमी किसी बहाने बाहर निकल आया था। उसके बाद दूसरा…तीसरा। दिन बीतते गए और वह नोची-खसोटी जाती रही।

उसका प्रेमी खुद ही ग्राहकों की बुकिंग कर लाने लगा। बकायदा नोएडा में एक होटल भी किराये पर ले लिया और दो अन्य युवकों के साथ मिलकर इस होटल में देह व्यापार का धंधा चलाने लगा। इसका खुलासा तब हुआ जब नोएडा पुलिस ने होटल में छापा मारकर यहां से नाबालिग और उसके प्रेमी सहित अन्य आरोपियों को पकड़ा था।

नाबालिग लड़की के सेक्स रैकेट में पकड़े जाने के बाद जब पुलिस को उसकी सच्चाई पता लगी तो पुलिस ने इसकी सूचना मुजफ्फरपुर में किशोरी के परिजनों को दी।  फिलहाल किशोरी को नारी निकेतन में भेजा गया है और उसका प्रेमी जेल में है।

बताया जा रहा है कि दिल्ली के आस-पास के इलाकों में जिस्मफरोशी की चिंगारी सुलगने लगी है। इसके लिए बिहार, झारखंड पश्चिम बंगाल समेत कई प्रांतों से किशोरी और युवतियों को लाकर यहां बेच दिया जाता है। इन्हें बंधक बना कर देह व्यापार कराया जाता है। जिस्मफरोशी के इस धंधे में सिर्फ नगर की कुछ गलियां नहीं बल्कि शानदार इमारत वाले होटल भी अड्डा बन रहे हैं। ऐसे ही चंद होटलों में से एक पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारा तो यह जोड़ा बरामद हुआ।