Lockdown in Bihar: 1 जून तक बिहार में बढ़ा लॉकडाउन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर दी जानकारी  

पटना: ऑनलाइन टीम- बिहार में 16 से 25 मई तक के लिए दूसरे राउंड में लॉकडाउन लागू किया गया था। अब इसे और 7 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। अब 1 जून तक लॉकडाउन रहेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए 5 मई से तीन सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगाया गया था। आज फिर से सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई। लॉकडाउन का अच्छा प्रभाव पड़ा है और कोरोना संक्रमण में कमी दिख रही है। इसलिए बिहार में 25 मई से 1 जून तक लॉकडाउन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

कोरोना की दूसरी लहर में कोरोना संक्रमण के राज्य में बढ़ते मामले को देखते हुए सबसे पहले पांच से 15 मई तक लॉकडाउन लगाया गया था। फिर 16 से 25 मई तक बढाया गया। 16 मई से विस्तारित लॉकडाउन में दुकानों के खुलने के समय में परिवर्तन के साथ ही कुछ अन्य पाबंदी लगाई गई। लॉकडाउन के बाद राज्य में प्रतिदिन कोरोना संक्रमित होने वालों की संख्या में कमी आई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा था कि लॉकडाउन में बिहारवासियों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। जनता गाइडलाइन का पालन कर रही है। इसी का नतीजा है कि अब मरीजों की संख्या में कमी आ रही है।