नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – स्विट्जरलैंड सरकार ने भारत सरकार को स्विस बैंक के खाताधारकों की जानकारी देना शुरू कर दिया है। सरकार इन जानकारियों का अध्ययन कर रही है, ताकि विदेशों में गलत तरीके से पैसे रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके, हालांकि स्विट्जरलैंड की सरकार द्वारा दी गई जानकारी में कई ऐसे खाते हैं, जो कार्रवाई के डर से बंद किए जा चुके हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, स्विट्जरलैंड से मिली जानकारियां मुख्य रूप से बिजनेसमैन और एनआरआई से जुड़ी हैं। ये अनिवासी भारतीय दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों, अमेरिका, ब्रिटेन, कुछ अफ्रीकी देशों और दक्षिण अमेरिकी देशों में कारोबार कर रहे हैं। इसके अलावा इस लिस्ट में कई ऐसे नामों का भी जिक्र है जो राजनीति से संबंध रखते हैं।
बताया जाता है कि स्विट्जरलैंड सरकार की ओर से भारत सरकार को जो लिस्ट सौंपी गई है उसमें इतनी जानकारी जरूर दी गई है, जिससे स्विस बैंक में पैसा रखने वालेां के खिलाफ मजबूत केस तैयार किया जा सकता है। खबर है कि स्विट्जरलैंड की सरकार ने हर उस खाते के लेन-देन का पूरा विवरण दिया है जो साल 2018 में एक भी दिन सक्रिय रहा हो।
बंद करा चुके हैं कई खाते –
स्विट्जरलैंड की सरकार के पास उन 100 खातों की जानकारी भी है, जिनके बारे में आशंका है कि इन्हें 2018 से पहले बंद करा दिया गया है। स्विट्जरलैंड की सरकार एक पूर्व समझौते के तहत इन खातों की जानकारी भी केंद्र सरकार को देने वाली है। भारतीय अधिकारियों ने स्विस बैंक के अधिकारियों को इन खाताधारकों के खिलाफ टैक्स चोरी के सबूत सौंपे थे।
बता दें कि स्विट्जरलैंड सरकार द्वारा दी जा रही जानकारियां मुख्य रूप से तीन कैटेगरी में हैं। ये कैटेगरी खाताधारक की पहचान, खाता संख्या और वित्तीय लेन-देन। जहां तक खाताधारक की पहचान का सवाल है, इसमें खाताधारक का नाम, पता, जन्म तिथि, टैक्स आइडेंटिफिकेशन नंबर होगा, जबकि खाता संख्या में बैंक अकाउंट के अलावा बैंकिंग संस्था के नाम का भी जिक्र होगा।