लैंडर विक्रम का पता चला, ऑर्बिटर ने भेजी हैं थर्मल तस्वीरें : इसरो (लीड-1)

बेंगलुरु (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम का पता लगा लिया है। इसरो प्रमुख के. सीवन ने रविवार को इसकी घोषणा की। सीवन ने कहा कि चंद्रमा का चक्कर लगा रहे ऑर्बिटर ने विक्रम की थर्मल तस्वीरें ली हैं। सीवन के मुताबिक हालांकि अभी विक्रम के साथ फिर से सम्पर्क नहीं हो सका है। इस सम्बंध में इसरो का प्रयास जारी है।

इस सम्बंध में अधिक जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “ऐसा प्रतीत होता है कि लैंडर चांद की सतह से तेजी से टकराया है और इस कारण वह पलट गया है। अब उसकी स्थिति ऊपर की ओर बताई जा रही है।”

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी संभावना भी है कि इससे लैंडर टूट गया हो। चांद की परिक्रमा कर रहे चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने विक्रम लैंडर की तस्वीरें भेजी हैं।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार मध्यरात्रि में चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के दौरान विक्रम का चंद्रमा के सतह से 2.1 किलोमीटर ऊंचाई पर इसरो से सम्पर्क टूट गया था।

इसरो ने कहा था कि ऑर्बिटर पर लगा कैमरा किसी भी चंद्र मिशन में अब तक का हाईएस्ट रिजॉल्यूशन कैमरा (0.3 एम) है, और यह हाई रिजॉल्यूशन की तस्वीरें प्रदान करेगा, जो वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय के लिए बेहद उपयोगी होगी।