लालू यादव की तबीयत ज्यादा बिगड़ी…राबड़ी देवी, तेज प्रताप, तेजस्वी सहित 6 लोग  रांची रवाना

रांची. ऑनलाइन टीम : चारा घोटाले मामले में जेल की सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव की तबीयत कुछ ज्यादा ही बिगड़ गई है। जानकारी पर नजर रख रहे परिजनों में शुक्रवार की सुबह से बेचैनी है। अब पटना से उनके पुत्र तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव के रांची जाने की खबर सामने आई है। राबड़ी देवी भी बेटों के साथ हैं। सभी चार्टर्ड फ्लाइट से रांची गए हैं। इसके पहले तेज प्रताप यादव को अपने आवास से राबड़ी देवी के आवास रवाना होते देखा गया था। उसी समय से माना जा रहा था कि वो अपनी मां के साथ रांची रवाना होंगे।

रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती लालू प्रसाद यादव की तबीयत स्थिर बताई जा रही है।  रिम्स के सूत्रों का कहना है एम्स दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों की संपर्क में हैं। लालू यादव को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसके पहले की जानकारी के अनुसार, लालू का कोरोना जांच के लिए एंटीजन टेस्ट किया। रिपोर्ट नेगेटिव आने पर आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिया गय।

एक्स-रे में सीने में हल्का इन्फेक्शन पाया गया है। रिम्स सूत्रों के अनुसार, उन्हें सांस लेने में परेशानी के साथ-साथ निमोनिया की भी शिकायत है। रिम्स अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप ने बताया कि लालू प्रसाद यादव की हालत स्थिर हैं। उनके फेफड़े में संक्रमण है। उपचार चल रहा है। लालू को एक प्रकार का निमोनिया हो गया है। हमने एम्स के फेफड़ों के विभाग के एचओडी के साथ परामर्श किया है। लालू प्रसाद की तबीयत खराब होने की खबर मीडिया के माध्यम से मिलने के बाद कई आरजेडी नेता और लालू प्रसाद के समर्थकों की भीड़ भी रिम्स में लगनी शुरू हो गई है।

बता दें चारा घोटाला मामले में दोषी बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव को 23 दिसंबर 2017 को जेल भेजा गया था। उन्होंने जेल में 3 साल से ज्यादा सजा काटी है। पिछले ढाई साल से लालू यादव रिम्स में इलाज करा रहे हैं। इसी बीच उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आई। लालू प्रसाद यादव डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, किडनी की बीमारी समेत कई समस्याओं से परेशान हैं। डॉक्टरों के मुताबिक उनको डायलिसिस की जरूरत भी पड़ सकती है।