बंद कमरे में लेबर कॉन्ट्रैक्टर की लाश मिलने से आईटी पार्क में खलबली

पिंपरी। बंद कमरे में एक लेबर कॉन्ट्रैक्टर की लाश मिलने से आईटी पार्क हिंजवड़ी परिसर में खलबली मच गई। शुक्रवार की सुबह हिंजवड़ी के जांबे गांव में यह मामला सामने आया है। मृतक का नाम गणपत सदाशिव सांगले (25, निवासी कलंब, इंदापुुुर, पुुणे) है। पुलिस को शक है कि उसकी हत्या की गई है।
हिंजवड़ी पुलिस के मुताबिक, आज सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में हिंजवड़ी जांबे के एक बंद कमरे से बदबू आने की जानकारी मिली। जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची और ताला तोड़कर दरवाजा खोलकर देखा तो उसमें गणपत सांगले मृतावस्था में नजर आए। पुलिस का अनुमान है कि उनकी मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी।
पुलिस ने बताया कि, गणपत सांगले लेबर कॉन्ट्रॅक्टर है और वे हिंजवडी के जांबे गांव में किराए से लिये एक मकान में रहते थे। आज उनकी लाश मिलने से खलबली मच गई है। लाश काफी सड़ी हुई अवस्था मे मिली है। उनके शरीर पर कोई चोट या निशान नहीं मिला है। हालांकि पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि उनकी हत्या की गई है। बहरहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, क्योंकि इस रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। हिंजवड़ी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।