सिगरेट देने से मना करने पर घोंप दिया चाकू

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – सिगरेट देने से मना करने पर चार लोगों ने मिलकर पान स्टॉल पर काम करने वाले एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। शुक्रवार की रात दस बजे के करीब थेरगांव के सिल्वर नाईन होटल के सामने यह वारदात हुई। पेट, कंधे और हाथों पर चाकू से गहरे वार किए जाने से नीरजकुमार रामअवध प्रजापति (20, निवासी थेरगांव, वाकड. मूल निवासी उत्तर प्रदेश) नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी शिकायत के आधार पर पिंपरी चिंचवड की वाकड़ पुलिस ने चार अनजान लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वाकड़ पुलिस के मुताबिक, नीरजकुमार थेरगांव में सिल्वर नाईन होटल के बाहर पान स्टॉल पर काम करता है। वारदात वाली रात दो लोग उसके पान स्टॉल पर आये और सिगरेट मांगी। सिगरेट खत्म करने के बाद और सिगरेट मांगी। जब नीरजकुमार ने सिगरेट खत्म होने की बात कही तब दोनों ने उसके साथ विवाद किया और उसे देख लेने की धमकी दी। जसके बाद रात दस बजे के करीब अपने दो साथियों के साथ वापस आये। इसके बाद उन्होंने नीरजकुमार को दुकान से बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद एक बदमाश ने चाकू निकालकर उसके पेट, हाथ और कंधों पर वार किए, फिर चारों वहां से भाग निकले। पेट में गहरी चोट आने से नीरजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। चार अनजान लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर वाकड़ पुलिस उनकी खोजबीन में जुट गई है।