किसान आंदोलन…राहुल ने सरकार पर बोला हमला, प्रियंका हिरासत में 

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कृषि कानून के मसले पर राष्ट्रपति से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार संसद का संयुक्त सत्र बुलाए और कृषि कानूनों को तुरंत वापस ले।  आज किसान दुख और दर्द में हैं, कुछ किसानों की मौत भी हुई है। राष्ट्रपति से भी हमने कहा है कि इन कानूनों से किसानों को नुकसान होने वाला है, देश को दिख रहा है कि किसान कानून के खिलाफ खड़ा है। जब तक कानून वापस नहीं होगा, तब तक कोई वापस नहीं जाएगा, किसान नहीं हटेगा।

दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी  ने पौने दो करोड़ किसानों के हस्ताक्षर के साथ राष्ट्रपति भवन तक मार्च का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धारा 144 लगाते हुए केवल तीन कांग्रेस नेताओं को ही राष्ट्रपति से मुलाकात की इजाजत दी। इसके बाद प्रियंका गांधी जबरन सड़क पर उतर आईं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मार्च निकालने की कोशिश करने लगीं। पुलिस ने उन्हें और बाकी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस प्रियंका को मंदिर मार्ग थाने ले गई। हिरासत में ली गईं प्रियंका गांधी ने  कहा कि मोदी सरकार अपनी जिद पर अड़ गई है। आज जो भी सरकार से सवाल करता है, उन्हें देशद्रोही बता दिया जाता है। प्रियंका बोलीं कि सरकार के दिल में किसानों के लिए कोई इज्जत नहीं है। हम लोकतंत्र में रह रहे हैं और ये चुने गए सांसद हैं। उन्हें राष्ट्रपति से मिलने का अधिकार है, उन्हें अनुमति मिलनी चाहिए। सरकार को क्या दिक्कत है? बॉर्डर पर खड़े लाखों किसानों की आवाज सरकार क्यों नहीं सुन रही है। किसानों के लिए जिस तरह के नामों का इस्तेमाल किया गया, वह पाप है। अगर सरकार उन्हें देशद्रोही कह रही है तो सरकार पापी है।

किसानों के द्वारा आज एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी। किसान नेता दोपहर 12 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें आंदोलन का कारण बताएंगे। किसान मोर्चा की ओर से अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वेबिनार का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अगर लोगों के कुछ सवाल हो तो वो जवाब दे सकें। जानकारी यह भी मिली है कि  आज किसान सेना के समर्थक और किसान कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात करेंगे। किसान सेना नए कृषि कानूनों पर अपना समर्थन देगी।

इसके पहले राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। कृषि कानूनों के विरोध में हस्ताक्षर से कागज  दो मिनी ट्रकों मंल रखे गए। राहुल गांधी ने कहा, ‘भारत के किसान त्रासदी से बचने के लिए कृषि-विरोधी क़ानूनों के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे हैं। इस सत्याग्रह में हम सबको देश के अन्नदाता का साथ देना होगा।’