Kirit Somaiya | कराड में रेलवे स्टेशन पर उतार लिए गए किरीट सोमैया

कराड : पुणे सामाचर ऑनलाइन – महाविकास आघाडी सरकार के मंत्रियों के खिलाफ मोर्चा खोले हुए वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया (Kirit Somaiya) को सातारा कराड के ओगलेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के जबरन उतार लिया गया। किरीट सोमैया महालक्ष्मी एक्सप्रेस से कोल्हापुर जा रहे थे। हाल में सोमैया (Kirit Somaiya) ने मुश्रीफ के खिलाफ 127 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया था। उन्होंने कोल्हापुर जाकर हसन मुश्रीफ और अजित पवार समेत एनसीपी नेताओं की शुगर फैक्ट्रियों में हो रहे घोटाले की पड़ताल करने की भी बात कही थी।

कोल्हापुर जाने की घोषणा करने के बाद रविवार को किरीट सोमैया को उनके मुलुंड स्थित घर पर नज़रबंद कर दिया गया था। मुंबई पुलिस ने उनके घर के बाहर कड़ा सुरक्षा घेरा तैनात कर दिया था। ताकि वो कोल्हापुर न जा सकें। हालांकि सोमैया ने उनकी बात नहीं मानी और शाम को पहले गिरगांव चौपाटी पर गणेश विसर्जन के लिए गए। बाद में वहां से वे सीएसएमटी रेलवे स्टेशन आकर महालक्ष्मी एक्सप्रेस के जरिये कोल्हापुर के लिए निकल गए। हालांकि उन्हें मुंबई और ठाणे दोनों रेलवे स्टेशन पर कोल्हापुर जाने से रोकने की कोशिश की गई थी, लेकिन वो नहीं माने।

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने हसन मुश्रीफ के ऊपर घोटाले का आरोप लगाया है और उनकी जांच एजेंसियों को शिकायत की है। इसके अलावा कोल्हापुर जाकर मुश्रीफ और अजित पवार की पोल खोलने की बात कही है। तब से कोल्हापुर में राष्ट्रवादी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें चेतावनी दी थी। ऐसे में किरीट के कोल्हापुर में जाने से शहर में हालात बिगड़ सकते हैं। इस बात का हवाला देकर जिलाधिकारी राहुल रेखावर ने उन्हें शहर में आने के लिए प्रतिबंधित किया है। इसके बावजूद वे महालक्ष्मी एक्सप्रेस से कोल्हापुर जाने के लिए निकले।

आज तड़के साढ़े चार बजे के करीब किरीट सोमैया को बीच में ही कराड के ओगलेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर उतार लिया गया। रेलवे स्टेशन से उन्हें सरकारी विश्राम गृह लाया गया। ओगलेवाडी स्टेशन पर 200 से अधिक पुलिस का पहरा था। भाजपा के जिलाध्यक्ष विक्रम पावसकर, कराड शहराध्यक्ष एकनाथ बागडे के साथ पार्टी कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में यहां मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कराड पुलिस उनको हिरासत में नहीं रखेगी। बल्कि उन्हें मुंबई की हद में वापस ले जाकर छोड़ दिया जाएगा। हालांकि सोमैया ने दो दिन बाद फिर से कोल्हापुर जाने की बात कही है।

Ahmednagar News | महाराष्ट्र : नगर जिले में दुर्घटनाओं का सिलसिला ; खेत के गहरे पानी में डूबकर तीन बच्चों की मौत

Chandrakant Patil | आने वाले 2 दिनों में कांग्रेस के दो मंत्री का नाम सामने आएगा, चंद्रकांत पाटिल का धमाका 

Maharashtra Corona | कोरोना की तीसरी लहर के संदर्भ में राजेश टोपे ने दी संतोषजनक जानकारी