पत्नी से ग़ैरबर्ताव करनेवाले को अगवा कर घोंटा गला

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन –  पत्नी के साथ अश्लील भाषा में बात कर ग़ैरबर्ताव करने से गुस्साए पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर दूसरे दोस्त को अगवा कर लिया। इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और उसकी लाश को पुणे के संगमवाडी में नदी पात्र में फेंक दी। रविवार को मृतक की लाश कल्याणीनगर में डीमार्ट के पीछे पायी गई। इसके चंद घन्टे में ही वाकड़ पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच (डीबी) की टीम ने वारदात को सुलझा लिया और दोनों आरोपियों को भी धरदबोचा।
रोहित किसन कांबले (19, निवासी सुदर्शन कालोनी, वाकड़, पुणे) ऐसा मृतक का नाम है। आकाश अम्बादास सालवे (27, निवासी नखाते बस्ती, रहाटनी, पुणे) और इलियास अकबर शेख (27, निवासी पवारनगर, थेरगांव, पुणे) नामक दो आरोपियों को वाकड पुलिस ने रोहित के अपहरण और हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। इस मामले में रोहित की माँ मीना किसन कांबले (45, निवासी सुदर्शन कालोनी, वाकड़, पुणे) ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, गुरुवार से रोहित लापता था, उसकी माँ ने उसके अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। खोजबीन के दौरान आज सुबह पुणे के कल्याणीनगर में डी मार्ट के पीछे उसकी लाश पायी गई। रोहित की मां ने अपनी शिकायत में उसके दोस्त इलियास और आकाश पर शक जताया था। इसके अनुसार वाकड़ पुलिस की डीबी के सहायक पुलिस निरीक्षक हरीश माने और उनकी टीम ने दोनों को ढूंढ निकाला और उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली है।
कैसे हुई वारदात
सहायक पुलिस निरीक्षक हरीश माने ने बताया कि, आकाश, इलियास और रोहित तीनों दोस्त हैं और ऑटो रिक्शा चलाते हैं। रोहित ने आकाश की पत्नी से अश्लील भाषा में बात की थी, इससे वह रोहित से खफा था। इस पर दोनों के बीच विवाद भी हुआ। बाद में आकाश ने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। गुरुवार को उसने अपनी रिक्शा में रोहित व इलियास को बिठाया और लोनावला घूमने के बहाने से तलेगांव ले गया। यहां भेगड़ेवाडी में उन दोनों का उसी बात पर फिर झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर दोनों ने मिलकर रोहित का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिहाज से उसकी लाश को पुणे की संगमवाडी में लाकर नदी में फेंक दी।