अवैध संबंध में युवक को अगवा कर फिरौती में मांगी किडनी

महिला समेत दो पुलिस कर्मचारियों के साथ 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज 
पिंपरी। अनैतिक संबंध में एक युवक का अपहरण कर फिरौती में 10 लाख रुपए या किडनी देने की मांग किये जाने की घटना सामने आयी है। इस वारदात को लेकर पिंपरी चिंचवड़ के वाकड़ पुलिस ने एक महिला पुलिसकर्मी के साथ दो पुलिसकर्मियों समेत 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला पुलिसकर्मी के अगवा किये गए युवक के साथ अवैध संबंध रहने की जानकारी सामने आयी है।
यह पूरी वारदात 5 दिसंबर को दिनदहाड़े हुई। अगवा किये गए युवक का नाम सूरज असगर चौधरी (21, निवासी ओटास्कीम, निगडी, पुणे) है। उसने गुरुवार की मध्यरात्रि वाकड़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके अनुसार पुलिस ने पुलिस कर्मचारी मनीषा सालवे, विजय कुमार सालवे, नंदकुमार कांबले, आक्की लोंढे, सनी लोंढे, विनय लोंढे, मनीषा सालवे की मां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मनीषा सालवे पिंपरी ट्रैफिक विभाग और विजय सालवे पुणे शिवाजीनगर पुलिस मुख्यालय में तैनात है। मनीषा और सूरज के बीच अवैध संबंध थे। उसने सूरज से कुछ उधार लिया था, जिसको लेकर वह तकाजा कर रहा था। पैसे लेने के लिए उसे 5 दिसंबर को थेरगांव की रॉयल कोर्ट सोसाइटी के सामने बुलाया गया। यहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने सूरज को जबरन एक गाड़ी में डालकर इंदापुर के जंगल में ले जाया गया।
जंगल में ले जाने के बाद सूरज के साथ डंडे और कोयते से मारपीट की गई। उसका मोबाइल फोन छीनकर उसमें मनीषा के साथ रही उसकी फ़ोटो, वीडियो आदि नष्ट करने के इरादे से मोबाइल तोड़कर फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने सूरज से उसकी रिहाई के लिए 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। इतने पैसे नहीं रहने की बात कहने पर आरोपियों ने उसकी किडनी फिरौती में मांग ली। 5 दिसंबर की सुबह सवा 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक यह पूरी घटना घटी। उनकी चुंगुल से छूटने के बाद सूरज ने कल वाकड़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।