खेडशिवापुर टोल नाका हटाने को लेकर आंदोलन

पुणे। सँवाददाता – टोल हटाओ कृति समिति द्वारा रविवार को पुणे-सातारा महामार्ग पर खेडशिवापुर टोलनाका हटाने की मांग को लेकर टोल हटाओ आंदोलन किया गया। इस मसले पर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ चर्चा कर इस मसले को सुलझाने का आश्वासन सांसद सुप्रिया सुले ने दिया, इसके बाद यह आंदोलन वापस लिया गया। तब तक करीबन दो घन्टे तक टोलनाका पर हंगामा चलता रहा। हालांकि इसका असर यातायात पर न हो इसके लिए यातायात का मार्ग बदल दिया गया था।
पुणे- सातारा रोड स्थित खेडशिवापुर टोलनाका पर भोर, वेल्हा और मुलशी के स्थानीय लोगों के वाहनों से भी टोल लिया जा रहा है। मूलतः 1 जनवरी 2014 से टोल बन्द हो जाना चाहिए था मगर इसके बाद भी टोल वसूली शुरू ही है। नौ सालों में 1780 करोड़ रुपए की वसूली की गई है। इसके विपरीत मार्च 2013 में इस रोड का 6 लेन का चौड़ीकरण का काम पूरा होना चाहिए था जो अब तक नहीं हो सका है। इसके चलते स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। इसी नाराजगी के चलते आज टोल हटाओ कृति समिति द्वारा टोल हटाओ आंदोलन किया गया। स्थानीय विधायकों के जरिये सांसद सुप्रिया सुले ने आंदोलनकारियों से चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय परिवहन व सड़क विकास मंत्री नितिन गड़करी से चर्चा कर यह मसला हल करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद यह आंदोलन वापस लिया गया।