बस, एक और छक्का… टी20 में 300 छक्के लगाने वाले भारतीयों के क्लब में शामिल हो जाएंगे विराट  

सिडनी. ऑनलाइन टीम : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली अब एक और कीर्तमान की ओर बढ़ चले हैं। उनके नाम टी20 क्रिकेट में 299 छक्के हैं। मंगलवार को सिडनी में अगर वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में एक छक्का और लगा देते हैं तो टी20 क्रिकेट में 300 छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो जाएंगे। रोहित शर्मा इस लिस्ट में सबसे आगे हैं। हिटमैन के नाम टी20 क्रिकेट में 380 छक्के हैं।  सुरेश रैना के नाम 319 टी20 मैचों में 311 छक्के हैं। वह इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं।  पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं। धोनी ने 331 टी20 मैचों में 302 छक्के लगाए हैं।

वैसे टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रेकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। वेस्टइंडीज के इस धाकड़ बल्लेबाज ने अपने टी20 करियर में 1001 सिक्स लगाए हैं। गेल के बाद कायरन पोलार्ड का नंबर आता है जो 706 छक्के लगाकर दूसरे पायदान पर हैं। एक और बड़ी बात यह कि मंगलवार को टीम अगर ऑस्ट्रेलिया को हरा देती है तो लगातार दूसरी द्विपक्षीय टी20 सीरीज होगी जो भारतीय टीम वाइट वॉश के साथ जीतेगी। इससे पहले साल की शुरुआत में उसने न्यूजीलैंड को 5-0 से हराया था।