किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट कर निशाने पर आए जावेद अख्तर  

नई दिल्ली . ऑनलाइन टीम : किसान आंदोलन को फिल्मी दुनिया से भी काफी समर्थन मिल रहा है। प्रियंका चोपड़ा, स्वरा भास्कर और ऋचा चड्ढा जैसी अभिनेत्रियां खूल कर इस बारे में बोल चुकी हैं। पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ ने तो आंदोलनकारियों के बीच जाकर उन्हें संबोधित भी किया था। यही नहीं उन्होंने 1 करोड़ रुपये डोनेट करने का भी ऐलान किया था। हालांकि किसान मूवमेंट पर टिप्पणी करने के चलते उनकी ऐक्ट्रेस कंगना रनौत से ट्विटर पर तीखी बहस भी हुई थी। खैर, इन सभी के बीच अब एक और नाम जुड़ गया है और वह नाम है जावेद अख्तर का।

हबीब जालिब का शेर शेयर करते हुए जावेद अख्तर ने लिखा, ‘घेराव में थे हम सदियों से, हमें बचाने कोई न आया। एक दिन हमने घेरा डाला, हर जालिम ने शोर मचाया।’ जावेद अख्तर के इस ट्वीट की जहां कुछ लोगों ने तारीफ की तो कई लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया है।  कई यूजर्स ने तो जावेद अख्तर के सेकुलरिज्म पर भी सवाल उठाया है।

याद रहे, नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में छिड़े आंदोलन का भी जावेद अख्तर ने समर्थन किया था।  सहिष्णुता को लेकर छिड़ी बहस के दौरान भी मौजूदा केंद्र सरकार हमला बोला था। इसी के चलते वे दक्षिणपंथी विचारधारा वाले लोगों के निशाने पर रहे हैं। इस बार गीतकार जावेद ने अपने ट्वीट में किसान आंदोलन का जिक्र नहीं किया है, लेकिन उनकी टिप्पणी को किसान आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है।