‘जय श्रीराम’ और फिर देखते ही देखते अश्लीलता परोस रहे लाउंज एवं रेस्तरां के शीशे चूर 

भोपाल. ऑनलाइन टीम : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोग आशंकित थे। वैलेंटाइन डे शांति से गुजर जाने का विश्वास किसी को था भी नहीं। और विश्वास कायम भी रहा।

शहर के एक हुक्का लाउंज एवं एक रेस्तरां की शीशे चूर-चूर होने लगे। दूर तक धर्म विशेष आधारित नारों का शोर।  प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भगवा झंडा लिए हुए ये लोग भगवा गमछा पहने हुए थे और ‘जय श्रीराम’के नारे लगा रहे थे।

दोनों ही जगहों पर एक सरीखा नजारा। श्यामला हिल्स थाना प्रभारी तरूण भाटी ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक हुक्का लाउंज में तोड़फोड़ हुई, तो हबीबगंज पुलिस थाना प्रभारी राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि शिव सैनिकों ने शहर के हबीबगंज पुलिस थाना इलाके के एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की।

‘वैलेंटाइन डे’पर ‘संस्कृति बचाओ मंच’ का नेतृत्व कर रहे पूर्व बीजेपी विधायक सुरेन्द्रनाथ सिंह समर्थकों के साथ धमके और फिर जो हुआ, उसका जिक्र दोनों ही पुलिस अधिकारियों ने की है। हालांकि सुरेन्द्रनाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन उन्होंने गिरफ्तारी से पहले कहा था कि हुक्का लाउंज में नौजवानों को नशे का आदी बनाया जा रहा है और उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। इसके अलावा, इन हुक्का लाउंज के कारण युवा लव जिहाद का शिकार भी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए हम अपने समाज की रक्षा करेंगे और ऐसा होने नहीं देंगे। इन हुक्का लाउंज को बंद करने की मांग को लेकर वे लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि हम ‘वैलेंटाइन डे’ का विरोध करते हैं और किसी भी होटल, रेस्टोरेंट या हुक्का लाउंज में अगर अश्लीलता फैलाई गई तो संस्कृति बचाओ मंच उसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।