कांग्रेस के बदले तेवर; भोसरी में दिया विलास लांडे को समर्थन

पिंपरी। संवाददाता – समर्थित प्रत्याशियों का समर्थन न करने की भूमिका अपनाने वाली कांग्रेस के तेवर अब बदल गए हैं। भोसरी विधानसभा क्षेत्र की दहशतगर्दी, गुंडागर्दी और विकासकामों के नाम पर मची लूटपाट को रोकने के लिए कांग्रेस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस द्वारा समर्थित प्रत्याशी विलास लांडे को अपना समर्थन घोषित किया है। पार्टी के शहराध्यक्ष सचिन साठे ने शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

इससे पहले कांग्रेस ने पिंपरी चिंचवड़ शहर में केवल पिंपरी विधानसभा से राष्ट्रवादी कांग्रेस- कांग्रेस महागठबंधन के प्रत्याशी अण्णा बनसोडे को समर्थन देने की बात कही थी। राष्ट्रवादी कांग्रेस के समर्थित प्रत्याशियों को कांग्रेस समर्थन नहीं देगी, यह पार्टी के शहराध्यक्ष सचिन साठे ने स्पष्ट किया था। शनिवार को राष्ट्रवादी के शहराध्यक्ष सँजोग वाघेरे और भोसरी विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी विलास लांडे ने साठे के साथ मुलाकात की। भोसरी विधानसभा क्षेत्र में भयमुक्त माहौल तैयार करने और यहां की जनता को दादागिरी से मुक्त करने के लिए कांग्रेस का समर्थन मांगा।

दोनों कांग्रेस की संयुक्त बैठक में पूर्व विधायक लांडे ने भोसरी में परिवर्तन अटल बताया और धर्मांध शक्तियों के खिलाफ लड़ने की लड़ाई में कांग्रेस का साथ जरूरी बताया। उनकी भूमिका का समर्थन करते हुए कांग्रेस के शहराध्यक्ष सचिन साठे ने भी अपनी भूमिका बदल दी और लांडे को पार्टी का समर्थन घोषित किया। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता उनके साथ है। इस बैठक में काँग्रेस सेवादल के संग्राम तावडे, शिक्षा मंडल के पूर्व सभापति धनंजय भालेकर, नितीन सस्ते, सुंदर रोकडे आदि उपस्थित थे।