INS TABAR ने रूसी नौसेना के नौसेना दिवस समारोह में लिया हिस्सा

पुणे: (INS TABAR) आईएनएस तबर 22 जुलाई 21 को रूसी नौसेना के 325वें नौसेना दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए सेंट पीटर्सबर्ग, रूस पहुंचा। (INS TABAR) 23 जुलाई को, रूसी संघ में भारत के राजदूत डी बी वेंकटेश वर्मा (Ambassador DB Venkatesh Verma)  ने जहाज का दौरा किया और वर्तमान तैनाती के बारे में कमांडिंग ऑफिसर (Commanding Officer) द्वारा जानकारी दी गई। राजदूत ने हमारी समुद्री सीमाओं की रक्षा करने और भारत-रूस के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने में भारतीय नौसेना द्वारा निभाई गई भूमिका के लिए सराहना की।

रूसी नौसेना के बाल्टिक फ्लीट के उप कमांडर वाइस एडमिरल सर्गेई येलिसयेव ने 23 जुलाई 21 को ताबार का दौरा किया। जहाज पर उनका स्वागत गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया गया। उन्होंने रूसी संघ की नौसेना (आरयूएफएन) के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम में पोत की भागीदारी के लिए भारतीय नौसेना की सराहना की। उन्होंने बताया कि दोनों नौसेनाओं के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंध हैं और उन्होंने और अधिक पारस्परिक बातचीत की कामना की। यात्रा के समापन पर कमांडिंग ऑफिसर ने एडमिरल को शिप्स करेस्ट भेंट की।

24 जुलाई को, कमांडिंग ऑफिसर, कैप्टन महेश मंगीपुडी ने सेंट पीटर्सबर्ग में ऐतिहासिक पिस्कारियोवस्कॉय मेमोरियल सिमेट्री में श्रद्धांजलि अर्पित की।

25 जुलाई को, रूसी नौसेना के 325वें नौसेना दिवस पर, जहाज रूसी संघ के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा समीक्षा की गई नौसेना परेड में जहाजों के स्तंभ में शामिल हो गया। परेड में 50 से अधिक जहाजों, मोटर बोट्स, सबमरीन, 48 हवाई जहाजों और नौसेना विमानन के हेलीकॉप्टरों ने हिस्सा लिया।

नौसेना दिवस समारोह के बाद, ताबर रूसी नौसेना के दो जहाजों के साथ बाल्टिक सागर में 28 और 29 जुलाई 21 को आयोजित होने वाले अभ्यास INDRA में हिस्सा लेंगे।