अब इस भारतीय के हाथ होगी व्हाट्सएप की कमान!

कैलिफ़ोर्निया

टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक और भारतीय नाम चमकने वाला है। ख़बरों की मानें तो नीरज अरोड़ा व्हाट्सएप के सीईओ बन सकते हैं। व्हाट्सएप के सीईओ का पद जेन कूम के कंपनी छोड़ने के बाद खाली हुआ है।  कंपनी इस पद के लिए गूगल के पूर्व कर्मचारी नीरज अरोड़ा के नाम पर विचार कर रही है। अगर नीरज व्हाट्सएप के चीफ बनते हैं तो ये बड़ी उपलब्धि होगी। क्योंकि मौजूदा समय में दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनियों के शीर्ष पदों पर भारतीय हैं। गूगल के चीफ सुंदर पिचई हैं। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला हैं। इसके अलावा, एडोबी में शांतनु नारायण शीर्ष पद की ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं।

टेक क्रंच ने एक रिपोर्ट में कहा है, सीईओ के पद के लिए व्हाट्सएप के बिजनेस एग्जिक्यूटिव नीरज अरोड़ा संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं। अरोड़ा गूगल में बतौर कॉरपोरेट डिवेलपमेंट मैनेजर के रूप में काम कर चुके हैं। नीरज 2011 से व्हाट्सएप के साथ हैं।