पिंपरी चिंचवड़ में बढ़े अपराध व अनुशासनहीन हुई ट्रैफिक

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन –  पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के ट्रैफिक विभाग के लिए चिंचवडगांव स्थित स्वर्गीय अशोक कामठे बस स्टॉप के पास पिंपरी चिंचवड मनपा के व्यापारी संकुल में अलग मुख्यालय शुरू किया गया है। सोमवार की सुबह पुलिस आयुक्त आरके पद्मनाभन ने इसका उदघाटन किया। इस उदघाटन समारोह में अपने संबोधन में उन्होंने स्वीकार किया कि शहर में अपराध बढ़े हैं और ट्रैफिक अनुशासनहीन हुई है। हालांकि इसके लिए उन्होंने आयुक्तालय में रही मनुष्यबल की कमी को जिम्मेदार बताया। साथ ही आनेवाले सालभर में शहर के हालातों में सकारात्मक बदलाव नजर आएंगे, यह विश्वास भी जताया।
पिंपरी चिंचवड़ में अलग पुलिस आयुक्तालय शुरू हुए एक साल पूरा हो गया है। इसके बावजूद मनुष्यबल और जरूरी संसाधनों की कमी के चलते शहर में आयुक्तालय शुरू होने के अपेक्षित बदलाव नजर नहीं आ रहे। आज ट्रैफिक मुख्यालय के उदघाटन समारोह में शहर के पहले पुलिस आयुक्त आरके पद्मनाभन ने भी इस बात को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि, आयुक्तालय के 20 फीसदी कर्मचारी ट्रैफिक विभाग के लिए होने चाहिए थे। मगर मनुष्यबल की कमी के चलते यह संभव नहीं हो सका। सालभर में जैसे चाहिए वैसे सुधार नहीं हो सके। हालांकि उन्होंने यह विश्वास दिलाया कि आने वाले साल में शहर में अपराध औऱ अनुशासनहीन ट्रैफिक में सकारात्मक परिणाम और बदलाव नजर आएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि, पुलिस विभाग के लिए अच्छे दफ्तर, अच्छी इमारतें, अच्छा माहौल रहना जरूरी है। मगर केवल इन्हीं सबके बूते पुलिसिंग नहीं होती। अच्छी पुलिसिंग के लिए पुलिस को सड़कों पर उतरकर और लोगों के बीच जाकर काम करना चाहिए। इस समारोह में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रामनाथ पोकले, ट्रैफिक विभाग के उपायुक्त सुधीर हिरेमठ, पुलिस उपायुक्त स्मिता पाटील, सहायक पुलिस आयुक्त नीलिमा जाधव, रामचंद्र जाधव, श्रीकांत मोहिते, श्रीधर जाधव, चंद्रकांत अलसटवार, राजाराम पाटिल, संजय नाईक पाटिल समेत अन्य आला अधिकारी और शहर के पुलिस थानों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उपस्थित थे।
ट्रैफिक शिकायतों के लिए ट्वीटर एकमात्र जरिया
पिंपरी चिंचवड़ के ट्रैफिक पुलिस विभाग का अलग मुख्यालय शुरू हो गया है। आयुक्तालय शुरू होने के दो माह बाद वाकड़ पुलिस थाने की पुरानी इमारी में अलग ट्रैफिक कंट्रोल रूम पहले ही शुरू किया जा चुका है। मगर 10 माह बाद भी कंट्रोल रूम के लिए अलग लैंडलाइन फोन नँबर नहीं मिल सका है। फिलहाल ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम अपने वॉकी टॉकी चैनल और आयुक्तालय के ट्वीटर हैंडल से कामकाज चला रहा है। लोगों को ट्रैफिक विभाग से संपर्क करने का एकमात्र जरिया ट्वीटर ही है। लैंडलाइन फोन नँबर हासिल करने की जद्दोजहद अब तक जारी है।